मई 7, 2026 5:55 अपराह्न

printer

इस्राएल ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर किए हवाई हमले

इस्राएल ने आज कहा कि उन्होंने लेबनान के नबातीह क्षेत्र में ईरान समर्थित सशस्त्र गुट हिज़्बुल्लाह द्वारा आतंकवादी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे एक ठिकाने पर हमला किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में इस्राएल की वायु सेना- आईएएफ ने कहा कि दक्षिणी लेबनान में आतंकवादी गुट हिज़्बुल्लाह के लगभग 20 अतिरिक्त सैन्य ठिकानों पर हमला किया गया। सेना ने बताया कि इस्राएल के रक्षा बल इस्राएल के नागरिकों के लिए खतरों को दूर करने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं। आईएएफ ने कहा कि संघर्ष विराम समझौतों की शुरुआत से लेकर अब तक, इस्राएल के रक्षा बलों और इस्राएल के नागरिकों के लिए खतरा पैदा करने वाले हिज़्बुल्लाह आतंकी गुट के 220 से अधिक आतंकवादियों और कमांडरों को मार गिराया गया है। आईएएफ ने कहा कि बेरूत के दहियेह में एक सटीक हमले में, वायु सेना ने हिज़्बुल्लाह आतंकवादी गुट की रादवान फोर्स इकाई के कमांडर को मार गिराया।

   

इस्राएल की सेना ने एक बयान में कहा कि आतंकवादी गुट हिज़्बुल्लाह द्वारा संघर्ष विराम समझौते के उल्लंघन के मद्देनजर, सेना उसके खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने के लिए विवश है। इस्राएल की सेना ने दक्षिणी लेबनान के तीन नए क्षेत्रों में लेबनान के निवासियों को एक बार फिर अपनी जान बचाने के लिए भागने का आदेश दिया है।