मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

जनवरी 12, 2025 9:45 अपराह्न | PM Modi | VBYLD2025 | Viksit Bharat Young Leaders Dialogue

printer

भारत की युवा शक्ति उल्लेखनीय परिवर्तन ला रही है: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत की युवा शक्ति जल्द ही उसे एक विकसित राष्ट्र बनाएगी। राष्‍ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आज नई दिल्ली में भारत मंडपम में विकसित भारत युवा नेता संवाद 2025 के अवसर पर अपने संबोधान में उन्‍होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति उल्लेखनीय परिवर्तन ला रही है। श्री मोदी ने कहा कि उन्‍हें नई पीढ़ी पर विश्वास है और वह सभी समस्याओं का समाधान खोज लेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महत्वाकांक्षी लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए देश के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता होती है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत समय से पहले कई क्षेत्रों में अपने लक्ष्यों को पूरा कर रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत वह होगा जो आर्थिक, रणनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त होगा। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि पिछले एक दशक में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। श्री मोदी ने कहा कि भारत पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्‍यक्त किया कि अगले दशक के अंत तक भारतीय अर्थव्यवस्था 10 ट्रिलियन डॉलर का मील का पत्थर पार कर जाएगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश स्वामी विवेकानंद को याद कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद को देश के युवाओं पर बहुत भरोसा था। श्री मोदी ने कहा कि देश के युवा विकसित भारत के सपने को जरूर पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि दुनिया ने चंद्रयान की सफलता देखी है, अब देश गगनयान की तैयारी कर रहा है। श्री मोदी ने कहा कि देश को 2035 तक अंतरिक्ष में अपना स्टेशन स्थापित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि इस दशक के अंत तक भारत ने 500 गीगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा है।

प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि युवा नेता संवाद से मिले विचार और सुझाव अब राष्ट्रीय नीतियों का हिस्सा बनेंगे और देश के विकास का मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि बड़े लक्ष्य हासिल करना केवल सरकारी मशीनरी की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत होती है। श्री मोदी ने एक लाख नए युवाओं को राजनीति में लाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

शुक्रवार को शुरू हुए तीन दिन के विकसित भारत युवा नेता संवाद ने युवाओं को विकसित भारत के लिए अभिनव समाधान प्रस्तुत करने के लिए एक अनूठा मंच प्रदान किया है। इस कार्यक्रम के दौरान श्री मोदी ने देश भर के तीन हजार उूर्जस्‍वी युवा नेताओं से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने दस विषयों पर प्रतिभागियों द्वारा लिखे गए सर्वश्रेष्ठ निबंधों का संकलन भी जारी किया। इन विषयों में प्रौद्योगिकी, संधारणीयता, महिला सशक्तिकरण, विनिर्माण और कृषि जैसे विविध क्षेत्र शामिल हैं। विकसित भारत संवाद ने युवा नेताओं को देश के भविष्य को आकार देने के लिए अपने विचारों का योगदान देने के साथ नीति निर्माताओं और राष्ट्रीय तथा वैश्विक प्रतीकों के साथ सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान किया है।