नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी ने कहा है कि भारत के कृषि क्षेत्र में भविष्य के विकास को गति देने की अपार क्षमता है। उन्होंने इसे एक उभरता हुआ क्षेत्र बताया, जिसे देश के विकास लक्ष्यों को पूरा करने के लिए उच्च उत्पादकता और नवाचार की आवश्यकता है। श्री बेरी ने आज नई दिल्ली में जम्मू-कश्मीर में बागवानी विकास की रूपरेखा प्रस्तुत करने वाली रिपोर्ट जारी करते हुए यह बात कही। श्री बेरी ने अनाज, बागवानी और पशुपालन के बीच अंतर करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि श्रम उत्पादकता और वास्तविक आय में वृद्धि के बिना केवल रोजगार सृजन ही पर्याप्त नहीं है। श्री बेरी ने यह भी कहा कि सतत आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए भूमि और श्रम उत्पादकता में सुधार होना चाहिए। उन्होंने नीदरलैंड की सफलता का जिक्र किया, जो अपने छोटे आकार के बावजूद एक प्रमुख कृषि निर्यातक देश है। श्री बेरी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर जैसे क्षेत्रों में भी इसी तरह के मॉडल अपनाए जा सकते हैं।
News On AIR | अप्रैल 8, 2026 8:09 अपराह्न | NITI Aayog
भारत की कृषि को चाहिए नवाचार और उच्च उत्पादकता: नीति आयोग