अप्रैल 28, 2026 12:50 अपराह्न

printer

आर्थिक स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण खनिजों की सुरक्षा पर भारत का जोर: पीयूष गोयल

खान मंत्रालय के सचिव पीयूष गोयल ने कहा कि भारत स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत प्रौद्योगिकियों और आर्थिक स्थिरता के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण खनिजों को सुरक्षित करने के प्रयास तेज कर रहा है। नई दिल्ली में सतत भविष्य के लिए महत्वपूर्ण खनिज मूल्य श्रृंखला का विकास विषय पर आयोजित शिखर सम्मेलन में उन्होंने यह बात कही। श्री गोयल ने संपूर्ण मूल्य श्रृंखला के निर्माण और खान अपशिष्ट तथा अवशेष जैसे द्वितीयक संसाधनों के दोहन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन का उद्देश्य अन्वेषण, नीलामी, प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण सहित विभिन्न सुधारों के माध्यम से दीर्घकालिक आपूर्ति सुनिश्चित करना है। श्री गोयल ने बताया कि सैकड़ों अन्वेषण परियोजनाएं शुरू की गई हैं और हाल के वर्षों में खनिज ब्लॉकों की नीलामी में तेजी आई है।
 
घरेलू प्रसंस्करण क्षमता की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि मूल्य श्रृंखलाओं के बिना, प्राप्त खनिजों का भी पूर्ण उपयोग नहीं किया जा सकता है। श्री गोयल ने कहा कि भविष्य के लिए लचीली और टिकाऊ आपूर्ति श्रृंखलाओं के निर्माण की दिशा में भारत परिवर्तनकारी यात्रा पर अग्रसर है।