मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कटनी जिले के बहोरीबंद में 1011.05 करोड़ रूपये की लागत की बहोरीबंद उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना के निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना से कटनी जिले की 4 तहसीलों के 151 गांव की 32 हजार हेक्टयर ज़मीन सिंचित होगी। इससे कृषकों द्वारा स्प्रिंकलर, ड्रिप लगाकर सिंचाई की जा सकेगी। इस पद्धति से कृषकों को कम पानी में अधिक सिंचाई का लाभ एवं उत्पादन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना से कटनी के नागरिकों को पेयजल आपूर्ति के प्रयास भी किये जाएगें। मुख्यमंत्री ने कटनी जिले में विकास के लिये 55 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या की तर्ज पर चित्रकूट धाम को भव्य और दिव्य बनाया जाएगा। गोपाल कृष्ण के नाम पर प्रदेश की सभी नगर पंचायत, नगर पालिका और नगर निगम में भगवत गीता के 18 अध्यायों पर केन्द्रित गीता भवन बनाये जायेंगे। बहोरीबंद को 15 वार्ड जोड़कर नगर परिषद बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये।