भारतीय वायु सेना- आईएएफ ने इस माह की 9 से 12 तारीख तक हिंद महासागर क्षेत्र में रॉयल थाई वायु सेना – आरटीएएफ के साथ प्रत्यक्ष अभ्यास किया। इस अभ्यास से दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग मजबूत हुआ और आपसी समझ बढ़ी। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग एक हवाई युद्ध प्रशिक्षण अभ्यास के रूप में संपन्न हुआ। इस अभ्यास में भारतीय वायु सेना के एसयू-30एमकेआई बहु-भूमिका वाले लड़ाकू विमानों और रॉयल थाई एयर फोर्स- आरटीएएफ के एसएएबी ग्रिपेन जेट विमानों ने भाग लिया। यह अभ्यास भारतीय वायु सेना के वायु चेतावनी और नियंत्रण प्रणाली विमानों और आरटीएएफ के ग्राउंड कंट्रोल इंटरसेप्शन यूनिट की उन्नत निगरानी और कमान क्षमताओं के तहत आयोजित किया गया।
इस अभ्यास में आईएएफ की सहभागी सेनाओं ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के हवाई अड्डों से संचालन किया। वहीं, थाई ग्रिपेन विमानों ने थाईलैंड के हवाई अड्डों से संचालन किया। इस अभ्यास का उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र में एक मित्र विदेशी देश के साथ भारतीय वायु सेना की पहुंच और अंतर-संचालनीयता का प्रदर्शन करना था। इस अभ्यास ने सहभागी सेनाओं को परिचालन अनुभव प्रदान किया और भारतीय वायु सेना और आरटीएएफ के बीच सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों का आदान-प्रदान किया। यह अभ्यास भारत और थाईलैंड के बीच “एक्ट ईस्ट” साझेदारी के गहराने को दर्शाता है। यह साझेदारी एयरोस्पेस क्षेत्र में भी विस्तारित हो रही है।
News On AIR | फ़रवरी 13, 2026 5:30 अपराह्न | IAF conducts live exercise with Royal Thai Air Force – RTAF in the Indian Ocean Region
आईएएफ ने हिंद महासागर क्षेत्र में रॉयल थाई वायु सेना – आरटीएएफ के साथ प्रत्यक्ष अभ्यास किया