नवम्बर 3, 2025 8:19 अपराह्न | Completes 100Years | Dr.MansukhMandaviya | Hockey | November7

printer

सात नवबंर को भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे,1,400 से ज़्यादा हॉकी टूर्नामेंट किए जाएँगे आयोजित : डॉ. मनसुख मांडविया

खेल और युवा मामलों के मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा है कि सात नवबंर को भारतीय हॉकी के सौ वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस उपलक्ष्य में देश भर के पांच सौ 50 से अधिक ज़िलों में एक हजार चार सौ से ज़्यादा हॉकी टूर्नामेंट आयोजित किए जाएँगे।

 

आज नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में डॉ. मांडविया ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य खेल के बारे में जागरूकता बढ़ाना, युवा खिलाड़ियों को हॉकी खेल को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।

 

उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को हॉकी के इतिहास से जुड़ने और इसके भविष्य को आकार देने में प्रेरणा मिलेगी। श्री मांडविया ने कहा कि शताब्दी समारोह हॉकी खेल के प्रति श्रद्धांजलि है, जो भारत के लिए राष्ट्रीय पहचान और उत्कृष्टता का प्रतीक रहा है।

   

इस अवसर पर लैंगिक समानता, समूह कार्य और समावेशिता को दर्शाने के लिए नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में केंद्रीय मंत्री एकादश और हॉकी इंडिया की मिक्‍स्‍ड एकादश के बीच आधे घंटे का मैच भी खेला जाएगा। इस मैच में पुरुष और महिला दोनों राष्ट्रीय टीमों के शीर्ष खिलाड़ी भाग लेंगे। इस आयोजन के दौरान विभिन्न पीढ़ियों के हॉकी दिग्गजों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।