असम के गुवाहाटी शहर में हुई तेज बारिश के कारण कई इलाके अभी भी जलमग्न हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, स्थिति में अब कुछ सुधार हुआ है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, गुवाहाटी शहर और इसके आसपास के कई इलाकों में कल दो से तीन घंटे में 100 मिली मीटर से अधिक बारिश हुई। बारिश के कारण, कामरूप महानगर प्रशासन द्वारा गुवाहाटी के सभी सरकारी और गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों को आज बंद रखा गया है। जिला प्रशासन ने लगातार बारिश के कारण जलभराव वाले क्षेत्रों या भूस्खलन में फंसे लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 93654-29314 और टोल फ्री नंबर 1077 शुरू किया है।
असम के कई अन्य जिले भी हाल ही में हुई भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।