मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए केरलम, माहे, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्काल में तेज वर्षा की संभावना व्यक्त की है। वही, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तटीय आंध्र प्रदेश में बिजली गिरने का अनुमान है। ओडिशा, रायलसीमा, तेलंगाना, कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और पूर्वोत्तर राज्यों में भी इसी तरह की स्थिति रहने की संभावना है। गुजरात और पश्चिमी राजस्थान में गुरुवार तक लू चल सकती है।
विभाग ने कल तक देश के पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी भागों में अधिकतम तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का पूर्वानुमान लगाया है।