केरल में कई हिस्सों, खासकर राज्य के मध्य और उत्तरी जिलों में भारी बारिश जारी है। वायनाड, इडुक्की और पलक्कड़ जिलों में भूस्खलन की सूचना मिली है। वायनाड में आज सुबह तड़के मुंडक्कयिल इलाके में भूस्खलन की सूचना मिली है। अट्टामाला और मुंडक्कयिल क्षेत्र जिले के बाकी हिस्सों से पूरी तरह से कटे हुए हैं।
भूस्खलन में अब तक आठ लोगों की जान जा चुकी है। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौसम विभाग ने उत्तरी जिलों- वायनाड, मलप्पुरम, कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड में रेड अलर्ट जारी किया है, जो कि मूसलाधार बारिश का संकेत देता है। इसके अलावा, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।