अप्रैल 14, 2026 9:12 पूर्वाह्न

printer

स्टार्टअप इकोसिस्टम में पूंजी प्रवाह बढ़ाने के लिए सरकार ने 10 हजार करोड़ के फंड को अधिसूचित किया

सरकार ने देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम में पूंजी प्रवाह को बढ़ावा देने के लिए दस हजार करोड़ रुपये के कोष के साथ दूसरे चरण के स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स अधिसूचित कर दिया है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत निवेश वैकल्पिक निवेश कोष पर केंद्रित होगा। यह डीप टेक स्टार्टअप और प्रारंभिक विकास चरण सहित प्राथमिकता वाले क्षेत्रों का समर्थन करेंगे।

मंत्रालय ने कहा है कि परिचालन दिशानिर्देश और वेंचर कैपिटल इन्वेस्टमेंट कमेटी की संरचना, उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग द्वारा जारी की जाएगी। मंत्रालय ने बताया कि लघु उद्योग विकास बैंक (एसआईडीबीआई) अधिसूचना की तिथि से कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में योजना का संचालन शुरू करेगा।

यह योजना देश के नवाचार-आधारित विकास एजेंडा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही यह आर्थिक मजबूती बढ़ाने, विनिर्माण क्षमताओं को बढ़ावा देने, राजगार सृजन और भारत को वैश्विक नवाचार केंद्र के रूप में स्थापित करने में योगदान करेगा।