मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

जून 11, 2024 7:13 पूर्वाह्न | BRICS | Gaza | Israel | Russia

printer

ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों ने विश्व के कई भागों में चल रहे संघर्षों पर चिंता व्यक्त की

ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों ने विश्व के कई भागों में चल रहे संघर्षों पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कूटनीति, समावेशी बातचीत और विचार विमर्श के माध्यम से विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए प्रतिबद्धता दोहराई है। ब्रिक्स के विदेश और अंतर्राष्ट्रीय संबंध मंत्रियों ने कल रूस के निज़नी नोवगोरोड में बैठक की और वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

 

एक संयुक्त वक्तव्य में, विदेश मंत्रियों ने संघर्ष की स्थितियों में अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के प्रति पूर्ण सम्मान और मानवता, तटस्थता, निष्पक्षता और स्वतंत्रता के मूलभूत सिद्धांतों के अनुरूप मानवीय सहायता के प्रावधान की आवश्यकता पर बल दिया।

 

ब्रिक्‍स देशों के विदेश मंत्रियों ने फिलिस्तीन के कब्जे वाले हिस्से में विशेष रूप से इजरायली सैन्य अभियान के कारण गाजा पट्टी में हिंसा में बढ़ोत्तरी पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा के संकल्पों और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद संकल्प 2720 को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया। गाजा पट्टी में फिलिस्तीनी आबादी को सीधे तौर पर तत्काल मानवीय सहायता का आह्वान किया और अवैध रूप से बंदी बनाए गए सभी लोगों की तुरंत और बिना शर्त रिहाई की मांग भी की।

 

मंत्रियों ने हैती में भी सुरक्षा, मानवता, राजनीतिक और आर्थिक स्थिति में लगातार आ रही गिरावट पर गंभीर चिंता व्यक्त की।

 

ब्रिक्स देशों के बीच व्यापार और वित्तीय लेनदेन में स्थानीय मुद्राओं के बढ़ते उपयोग के महत्व को भी रेखांकित किया गया।