मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में लू के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक दिल्ली में लू की स्थिति बनी रहेगी।
दिल्ली में भीषण गर्मी के चलते, सरकार ने स्कूलों के लिए एक नई सलाह जारी की है। दिल्ली सरकार ने सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों को छात्रों की सुरक्षा के लिए एहतियाती उपायों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे कई स्थानों पर सुरक्षित और ठंडा पीने का पानी उपलब्ध कराए। साथ ही वे छात्रों को रोकथाम के उपायों, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और गर्मी से संबंधित बीमारियों के लक्षणों को पहचानने के बारे में शिक्षित करने के लिए जागरूकता सत्र आयोजित करें। वहीं, विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि लू के पूर्वानुमान और चेतावनियों की जानकारी सभाओं के दौरान और नोटिस बोर्ड के माध्यम से छात्रों को दी जानी चाहिए ताकि समय पर जागरूकता और सावधानी बरती जा सके।
आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स के चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर डॉ. नवल के. विक्रम ने लोगों से इस लू के दौरान सावधानी बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने अत्यधिक गर्मी में लंबे समय तक बाहर रहने से बचने और यदि बाहर निकलना आवश्यक हो तो सिर को टोपी या छाते से ढकने की सलाह दी है।