अप्रैल 6, 2026 9:51 अपराह्न

printer

पश्चिम एशिया में संघर्ष तेज, ईरान ने अस्थायी युद्धविराम प्रस्ताव ठुकराए

पश्चिम एशिया में संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान ने अस्थायी युद्धविराम के प्रस्तावों को खारिज कर दिया है। इस्राएल ने ईरान के महत्वपूर्ण ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर नए हमले किए हैं। वहीं, होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के बारे में समय सीमा नजदीक आने के कारण राजनयिक प्रयास तेज हो गए हैं।

खबरों के अनुसार, ईरान के एक वरिष्‍ठ अधिकारी ने कहा कि ईरान अस्थायी युद्धविराम के बदले होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा नहीं खोलेगा। उनका तर्क है कि अमरीका फरवरी में शुरू हुए इस संघर्ष को स्थायी और व्यापक रूप से समाप्त करने के लिए बातचीत करने को तैयार नहीं है। अधिकारी ने कहा कि ईरान, अमरीकी इरादों को लेकर संशय में है और दबाव में बातचीत नहीं करेगा, जबकि राजनयिक चैनलों के माध्यम से 45 दिनों के युद्धविराम और इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को दोबारा खोलने के प्रस्तावों का आदान-प्रदान जारी है। रविवार देर रात अमरीका और ईरान दोनों को भेजे गए इस प्रस्ताव को जलमार्ग के बंद रहने की स्थिति में ईरानी बुनियादी ढांचे पर बड़े पैमाने पर अमरीकी हमलों को रोकने के अंतिम प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

इस बीच, इस्राएल ने कहा है कि उसने ईरान के दक्षिणी ऊर्जा केंद्र असलुयेह में स्थित साउथ पार्स पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स पर हमले किए हैं। इस्राएली रक्षा मंत्री इस्राएल काट्ज़ ने कहा कि सेना ने जाम और दमावंद पेट्रोकेमिकल संयंत्रों को निशाना बनाया। ईरानी सरकारी मीडिया ने भी इन हमलों की पुष्टि की है। इस्राएली अधिकारियों ने दावा किया है कि इन संयुक्त हमलों से ईरान के पेट्रोकेमिकल निर्यात पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ सकता है, हालांकि नुकसान की सीमा अभी स्पष्ट नहीं है।