अप्रैल 8, 2026 9:47 अपराह्न | Iran-US ceasefire

printer

ईरान-अमरीका युद्धविराम के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों का आवागमन फिर से शुरू

ईरान और अमरीका के बीच हुए युद्धविराम के अंतर्गत होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्‍ते वाणिज्यिक जहाजों का आवागमन फिर शुरू होने वाला है। युद्धविराम की स्थिरता पर अमरीका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि युद्धविराम कायम रहेगा और आगे की राजनयिक गतिविधियों के लिए एक आवश्यक अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने समझौते के तत्काल आर्थिक प्रभाव के बारे में कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य अब खुल गया है और व्यापार सुचारू रूप से होगा।
वर्तमान शर्तों के अनुसार अमरीका और इस्राइल ने दो सप्ताह के लिए ईरान पर हमले रोकने पर सहमति जताई है। इसके बदले ईरान वैश्विक समुद्री यातायात के लिए होर्मुज जलडमरू मध्य को फिर से खोलने का आश्वासन दे।
श्री हेगसेथ का यह बयान दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्ग को बहाल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता का संकेत है।
यह समझौता कई सप्‍ताह तक चले अमरीका और ईरान के बीच युद्ध जारी रहने के बाद हुआ है। अधिकारियों ने कहा है कि अमरीकी सैन्‍य अभियानों ने ईरान की नौसेना और रक्षा क्षमताओं को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। इसके कारण ईरान को तनाव कम करने और नौवहन की स्वतंत्रता जैसी शर्तों को स्वीकार करने के लिए मजबूर होना पड़ा। हेगसेथ ने कहा कि समझौते को कायम रखने के लिए अमरीकी सेना तैनात रहेगी। उन्होंने कहा कि अमरीका यह सुनिश्चित करेगा कि ईरान इस युद्धविराम का पालन करे।
अमरीकी रक्षा मंत्रालय ने संकेत दिया कि अमरीकी सेना ईरानी सैन्य गतिविधियों पर नजर रखना जारी रखेगी और शत्रुता फिर से शुरू होने की स्थिति में जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार रहेगी। श्री हेगसेथ ने कहा कि अमरीकी सैनिक रक्षा के लिए तैयार हैं।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला