भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने आज पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए निर्वाचन आयोग से मुलाकात की। पार्टी ने आरोप लगाया है कि राज्य में भय और अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है। बाद में मीडिया से बातचीत में श्री कुमार ने कहा कि ऐसी परिस्थितियां देश की संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास को बढ़ावा दे रही हैं।
डॉ. कुमार ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से मांग की है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराए जाएं, ताकि लोग बिना किसी डर के अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव आयोग ने आश्वासन दिया है कि राज्य में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त कदम उठाए जाएंगे।