अप्रैल 7, 2026 2:16 अपराह्न

printer

बांग्लादेश: अवामी लीग की नेता शिरीन शर्मिन चौधरी को ढाका में बिना आरोप गिरफ्तार किया गया

बांग्लादेश में संसद की पूर्व अध्यक्ष और अवामी लीग की वरिष्ठ नेता शिरीन शर्मिन चौधरी को आज तड़के ढाका में बिना किसी आरोप के गिरफ्तार कर लिया गया।   

ढाका महानगर पुलिस की खुफिया शाखा के संयुक्त आयुक्त नसिरुल इस्लाम के अनुसार, पुलिस की एक टीम ने चौधरी को धानमंडी इलाके में उनके आवास से  गिरफ्तार किया। उन्हें बाद में खुफिया शाखा कार्यालय ले जाया गया।

गिरफ्तारी की इस हाई-प्रोफाइल घटना के बावजूद, अधिकारियों ने अभी तक उनके खिलाफ आरोपों का खुलासा नहीं किया है। खुफिया शाखा के अपर आयुक्त शफीकुल इस्लाम ने उनकी हिरासत की पुष्टि की, लेकिन मामले के संबंध में कोई विवरण नहीं दिया। उन्‍होंने केवल इतना कहा कि कई मामलों की समीक्षा की जा रही है। गिरफ्तारी को लेकर पारदर्शिता की कमी से कई सवाल खड़े हुए हैं। व‍िशेषकर, इसे देखते हुए कि सुश्री चौधरी, शेख हसीना के नेतृत्व वाली पूर्व अवामी लीग सरकार से जुड़ी एक हस्ती हैं।

चौधरी ने अप्रैल 2013 से सितंबर 2024 तक स्पीकर के रूप में कार्य किया और बांग्लादेश की पहली महिला संसद-अध्‍यक्ष बनकर इतिहास रचा।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि आरोपों पर तत्काल स्पष्टता के बिना इतनी वरिष्ठ हस्ती की गिरफ्तारी पिछली सरकार के नेताओं को निशाना बनाने की कानूनी कार्रवाई के व्यापक पैटर्न का संकेत दे सकती है।