हंता वायरस से प्रभावित एक क्रूज के लगभग 40 यात्री सेंट हेलेना द्वीप पर उतर गए हैं। नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन ने कहा कि यात्रियों में एक डच महिला भी है। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा एक दक्षिण अफ्रीकी और एक स्विस नागरिक का इलाज चल रहा है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हंता वायरस के एंडीज स्ट्रेन से जुड़ी एक घातक बीमारी के दुर्लभ प्रकोप को नियंत्रित करने के प्रयास तेज किए जा रहे हैं। यह घटना एक महीने पहले अर्जेंटीना से रवाना हुए क्रूज एमवी होंडियस पर सवार तीन लोगों की मौत के बाद सामने आई है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, हंतावायरस एक प्रकार का जंतु-जनित वायरस है। इस वायरस का संक्रमण मनुष्यों में भी फैलता है। मनुष्यों में इसके संक्रमण से गंभीर बीमारी और मृत्यु हो सकती है। संगठन ने कहा है कि इस प्रकोप में संभवतः हंतावायरस का एंडीज स्ट्रेन शामिल है – यह एकमात्र ज्ञात स्ट्रेन है जो निकट संपर्क के माध्यम से सीमित मानव-से-मानव संचरण करने में सक्षम है। यूरोप, दक्षिण अफ्रीका और अर्जेंटीना के अधिकारी प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए संपर्क ट्रेसिंग, क्वारंटाइन योजना और प्रयोगशाला परीक्षण जारी रखे हुए हैं।