मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

जुलाई 11, 2024 8:58 पूर्वाह्न | Austria | narendra modi

printer

भारत और ऑस्ट्रिया के बीच मजबूत संबंधों के लिए सरकारों के अलावा लोगों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत और ऑस्ट्रिया के बीच संबंध केवल सरकारों द्वारा नहीं बनाए गए हैं, बल्कि इन संबंधों को मजबूत करने के लिए लोगों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण हैं। वियना में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से भारत और ऑस्ट्रिया दो अलग-अलग छोर पर स्थित हैं, लेकिन दोनों देशों के बीच काफी समानताएं हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र हम दोनों देशों को जोड़ता है। श्री मोदी ने कहा- स्वतंत्रता, समानता, बहुलवाद और कानून के शासन के प्रति सम्मान हमारे साझा मूल्य हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश बहुसांस्कृतिक और बहुभाषी हैं और विविधता, दोनों देशों का मुख्‍य बिन्दु है। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों को प्रतिबिंबित करने का एक बड़ा माध्यम चुनाव है।

श्री मोदी ने कहा, ऑस्ट्रिया में कुछ महीनों में चुनाव होंगे जबकि भारत में लोगों ने हाल ही में लोकतंत्र का त्यौहार मनाया। उन्होंने कहा कि हाल के चुनाव में 65 करोड़ लोगों ने मतदान किया और कुछ ही घंटों में नतीजे घोषित हो गये। यह भारत के चुनावी लोकतंत्र की ताकत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने दुनिया को युद्ध नहीं, बुद्ध दिये हैं, यह दर्शाता है कि भारत ने हमेशा दुनिया को शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त किया है। श्री मोदी ने कहा कि 41 वर्षों के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रिया का दौरा किया है। यह लंबा इंतजार एक ऐतिहासिक अवसर पर खत्म हुआ है क्योंकि भारत और ऑस्ट्रिया परस्‍पर मित्रता के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने पिछले 10 वर्षों में देश के विकास के बिंदुओं को रेखांकित किया और भविष्‍य के लिए अपना दृष्टिकोण पेश किया। श्री मोदी ने भारत-ऑस्ट्रिया साझेदारी को मजबूती प्रदान करने के लिए ऑस्ट्रिया में रह रहे भारतीय समुदाय को धन्यवाद ज्ञापित किया।