अधिकतर मतदान पश्चात सर्वेक्षण-एग्जिट पोल ने असम में भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में बने रहने की भविष्यवाणी की है। कई टीवी चैनलों और निजी फर्मों द्वारा किए गए एग्जिट पोल राज्य में भाजपा की जीत का संकेत दे रहे हैं। इन पोल के अनुसार भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को लगभग 87 से 100 सीटें मिलने की संभावना है, जबकि कांग्रेस को लगभग 26 से 36 सीटें मिलने का अनुमान है।
पश्चिम बंगाल में कुछ एग्जिट पोल ने भाजपा की जीत की भविष्यवाणी की है, जबकि अन्य टीएमसी की जीत का अनुमान लगा रहे हैं। एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को लगभग 140 से 160 सीटें मिलने की संभावना है, जबकि टीएमसी को लगभग 120 से 140 सीटें मिलने की संभावना है।
वहीं, केरल में एग्जिट पोल के अनुसार कांग्रेस के सत्ता में वापस आने की संभावना है। एग्जिट पोल ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को 75 से 90 सीटें जीतने का अनुमान लगाया है, जबकि एलडीएफ को 45 से 60 सीटें मिलने की उम्मीद है।
तमिलनाडु में अधिकांश एग्जिट पोल डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन की स्पष्ट जीत दिखा रहे हैं। एग्जिट पोल के अनुमान के अनुसार डीएमके को लगभग 112 से 140 सीटें मिलेंगी, जबकि एआईएडीएमके को 60 से 100 सीटें मिलेंगी।पुडुचेरी में, एग्जिट पोल के अनुसार एनडीए गठबंधन को 16 से 20 सीटें मिलेंगी, जबकि डीएमके-कांग्रेस गठबंधन को 6 से 8 सीटें मिलेंगी। विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती 4 मई को होगी।