मई 2, 2026 10:06 अपराह्न

printer

भारत में ईरान के प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने क्षेत्रीय तनाव कम करने का आह्वान किया

भारत में, ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने आज ईरान और इज़राइल-अमरीका गठबंधन के बीच चल रहे तनाव को ‘न युद्ध, न शांति’ वाली स्थिति बताया। बेंगलुरु में एक संवाददाता सम्मेलन में, श्री इलाही ने कहा कि ईरान यह संघर्ष नहीं चाहता था, लेकिन लगातार हो रहे हमलों के बीच उसे जवाब देने के लिए मजबूर होना पड़ा, भले ही बातचीत जारी रहने की उम्मीद थी। उन्होंने तत्काल तनाव कम करने का आह्वान किया। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि वैश्विक स्थिरता उन लोगों की कार्रवाईयों पर निर्भर करती है जिन्होंने शत्रुता शुरू की थी। ईरान में मौजूदा स्थिति के बारे में, श्री इलाही ने कहा कि हालात स्थिर बने हुए हैं और लोग अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी जी रहे हैं। हालाँकि, उन्होंने मौजूदा समुद्री अ-स्थिरता को अमरीका और इज़राइल की कार्रवाइयों से जोड़ा।
 
श्री इलाही ने भारत के साथ ईरान के लंबे समय से चले आ रहे संबंधों पर भी प्रकाश डाला, और भारत को एक महान देश बताया जिसका ईरान बहुत सम्मान करता है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि दोनों देशों का साझा इतिहास 5 हजार वर्षों से भी अधिक पुराना है, जिसकी जड़ें शिक्षा, दर्शन, संस्कृति, सभ्यता और आर्थिक संबंधों में गहरी जमी हुई हैं। उन्होंने कहा कि ईरान शिक्षा, दर्शन, संस्कृति, सभ्यता और अर्थव्यवस्था के माध्यम से भारत से जुड़ा हुआ है। श्री इलाही ने कहा कि भारत के साथ हमारे संबंध, सहयोग और तालमेल बहुत अच्छे हैं; उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुज़रने वाले भारतीय जहाज़ों को ईरान द्वारा दी जाने वाली सुविधा इन संबंधों को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी ईरान और भारत के बीच संबंध और अधिक मज़बूत होंगे।