मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

दिसम्बर 26, 2024 5:52 अपराह्न

printer

आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर आगामी चुनावों में भाजपा को जीत दिलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया

दिल्ली में विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी ने आज कांग्रेस पर आगामी चुनावों में भाजपा को जीत दिलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। पार्टी नेता संजय सिंह ने नई दिल्ली में संवाददाताओं के समक्ष पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता अजय माकन की कुछ टिप्पणियों पर आपत्ति जताई।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि श्री माकन ने श्री केजरीवाल को देशद्रोही कहा जो आपत्तिजनक है और कांग्रेस पार्टी को उनके खिलाफ 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करनी चाहिए। श्री सिंह ने इंडिया गठबंधन की पार्टियों से कहा कि यदि श्री माकन के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती है तो वे कांग्रेस को गठबंधन से हटा दें।

 

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची आप पार्टी को नुकसान पहुंचाती दिख रही है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने भी इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।

 

    इस बीच, कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के आरोपों को खारिज कर दिया है। दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संदीप दीक्षित ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी पहले शरद पवार, लालू यादव और मुलायम सिंह यादव जैसे नेताओं पर आरोप लगाती थी, लेकिन आज पार्टी उन्हीं लोगों का साथ दे रही है।

 

आम आदमी पार्टी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में आम आदमी पार्टी को कोई राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि दिल्ली की जनता हराएगी।