मई 8, 2026 7:40 अपराह्न

printer

दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जाएगा: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज राजधानी के सभी सरकारी स्कूलों का व्यापक स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। इस ऑडिट का उद्देश्य स्कूलों में मौजूद कमियों और जरूरी सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का पता लगाना है। यह फैसला रूपनगर स्थित राजकीय सर्वोदय विद्यालय के निरीक्षण के बाद लिया गया। इस दौरान श्रीमती गुप्‍ता ने कक्षाओं में विद्यार्थियों से बातचीत कर पेयजल, अग्नि सुरक्षा, स्वच्छता और गर्मी से बचाव की व्यवस्थाओं सहित शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी ली। इस संबंध में, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्कूल प्रशासन से जरूरी सुधार कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी।

 

श्रीमती गुप्‍ता ने कहा कि दिल्ली के कई सरकारी स्कूल 40 से 50 वर्ष पुराने हैं और लगभग सात सौ स्कूलों में बड़े स्तर पर पुनर्विकास की आवश्यकता है। उन्‍होंने कहा कि इस ऑडिट के माध्यम से इन स्कूलों के भवनों की मजबूती, पीने के पानी की व्यवस्था, शौचालय, स्वच्छता और फायर सेफ्टी जैसी मूलभूत सुविधाओं की जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के सरकारी स्कूल लंबे समय तक बदहाल बुनियादी ढांचे और सुविधाओं की कमी से जूझते रहे। उन्‍होंने कहा कि पिछले एक वर्ष से उनकी सरकार स्कूलों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत करने, इंफ्रास्ट्रक्चर सुधारने और विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित तथा बेहतर वातावरण सुनिश्चित करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है।