लोकसभा चुनाव के शेष चरणों के लिये प्रदेश में चुनाव प्रचार तेज हो गया है। इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद मौर्य ने आज सिद्धार्थनगर और जौनपुर में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा की। उन्होंने पूर्ववर्ती सपा, बसपा और कांग्रेस सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि जब उनकी सरकार थी, तब इन पार्टियों ने जनता के लिए कुछ नहीं किया।
वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने संतकबीरनगर और बस्ती में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह संविधान बचाने का चुनाव है। भाजपा सरकार पर किसानों का कर्ज माफ न करने का आरोप लगाते हुए सपा प्रमुख ने वादा किया कि उनकी सरकार आएगी तो किसानों का कर्ज माफ किया जायेगा।
उधर, सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने मऊ में जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर बेईमान और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने कोई काम नहीं किया है। आज किसान, गरीब, नौजवान सभी परेशान हैं।