राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन आज अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गये। रांची के धुर्वा स्थित शहीद मैदान में आयोजित अभिनंदन सह मिलन समारोह में केंद्रीय कृषि मंत्री और झारखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह और सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। चंपाई सोरेन के साथ उनके बेटे बाबूलाल सोरेन ने भी सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान भाजपा के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे।
भाजपा में शामिल होने के बाद अपने संबोधन में श्री सोरेन ने कहा कि आज के समय में भारतीय जनता पार्टी ही झारखंड का भला कर सकती है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठ से राज्य की डेमोग्राफी बदली है। श्री सोरेन ने भाजपा में रहकर नये झारखंड के निर्माण की प्रतिबद्धता दोहरायी।
इससे पहले झारखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि झारखंड के निर्माण के लिए अपनी जवानी कुर्बान करने वाले और झामुमो को सींचने वाले चंपाई सोरेन को हेमंत सोरेन ने अपमानित करने का काम किया।
मौके पर असम के मुख्यमंत्री और झारखंड भाजपा के चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार को चंपाई सोरेन की जासूसी कराने का खामियाजा भुगतना होगा।