मार्च 12, 2026 6:12 पूर्वाह्न

printer

राज्यसभा में आज ग्रामीण विकास मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा आगे बढ़ेगी

राज्यसभा में आज ग्रामीण विकास मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा आगे बढ़ाई जाएगी। वही, लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन वित्तीय वर्ष 2025-26 की सेवाओं के लिए भारत की संचित निधि से कुछ अतिरिक्त राशियों के भुगतान और विनियोग को अधिकृत करने के लिए विनियोग विधेयक, 2026 पेश करेंगी।
 
कल, लोकसभा में अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ध्वनिमत से खारिज कर दिया गया। सदन में हुई चर्चा का जवाब देते हुए, वरिष्ठ भाजपा नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष ने अध्यक्ष की निष्ठा पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि लगभग चार दशकों के बाद लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया ,जो संसदीय राजनीति और सदन दोनों के लिए एक खेदजनक घटना है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष किसी राजनीतिक दल के नहीं बल्कि पूरे सदन के होते हैं। आगे उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए कभी लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर नहीं आई, क्योंकि पार्टी का मानना है कि अध्यक्ष की सत्यनिष्ठा पर कोई संदेह नहीं होना चाहिए।