रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि दुनिया अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है ऐसे में युवाओं को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से मजबूत रहना चाहिए और हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। नई दिल्ली में एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने युवाओं से उन बहादुर और समर्पित एनसीसी कैडेटों से प्रेरणा लेने का आग्रह किया, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश भर में आयोजित मॉक ड्रिल में जन जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
रक्षा मंत्री ने उन्हें राष्ट्र की दूसरी रक्षा पंक्ति बताया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में आतंकी ठिकानों को तबाह कर पहलगाम आतंकवादी हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया था। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने साहस और संयम के साथ कार्य किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एनसीसी को युवाओं के कौशल विकास का एक उत्कृष्ट माध्यम बताया।
इस दौरान ‘दीक्षा समारोह’ में कैडेटों को उत्कृष्ट प्रदर्शन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा मंत्री पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस वर्ष रक्षा मंत्री पदक जम्मू कश्मीर और लद्दाख निदेशालय की कैडेट अर्पुन दीप कौर और पश्चिम बंगाल और सिक्किम निदेशालय के कैडेट पाल्डेन लेपचा को दिए गए।