महाशिवरात्रि का पर्व आज प्रदेश भर में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर शिव मंदिरों में तड़के से ही श्रद्धालुओं को तांता लगा है। उज्जैन के महाकाल मंदिर में दर्शन-पूजन की विशेष व्यवस्था की गई है। इंदौर जिले में शिव आराधना के पर्व महाशिवरात्रि के लिए सभी शिव मंदिरों में विशेष साज-सज्जा की गयी है। शिव मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। इंदौर के देवगुराड़िया स्थित प्राचीनकालीन गुटकेश्वर महादेव मंदिर और पंढरीनाथ स्थित इंद्रेश्वर महादेव सहित सभी शिवालयों में सुबह से ही भक्त कतारबध्द होकर जलाभिषेक कर रहे हैं। ओंकारेश्वर, महेश्वर और धार महादेव मंदिरों में भी सुबह से ही श्रद्धालु दर्शन कर भगवान शिव को जलाभिषेक कर रहे हैं। आगरमालवा जिले के ऐतिहासिक शिवालय श्रीबैजनाथ महादेव मंदिर में आसपास और दूरस्थ क्षैत्रों के साथ ही अन्य प्रांतों के दर्शनार्थी भक्तजन बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। यहां भक्तों को 125 क्विंटल फलिहारी खिचड़ी का प्रसाद वितरण किया जाएगा। रायसेन मैहर और सतना में भी शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। नर्मदापुरम के सेठानी घाट पर सुबह से श्रद्धालु मां नर्मदा में स्नान के बाद पूजन-अर्चना कर रहे हैं।