जनवरी 20, 2026 7:00 पूर्वाह्न

printer

महाराष्ट्र सरकार ने दावोस में विश्व आर्थिक मंच शिखर सम्मेलन में 14.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौता ज्ञापनों पर हस्‍ताक्षर किए

महाराष्ट्र सरकार ने कल दावोस में विश्व आर्थिक मंच शिखर सम्मेलन के पहले दिन रिकॉर्ड तोड़ 14.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौता ज्ञापनों पर हस्‍ताक्षर किए। एक ही दिन में हासिल की गई यह रकम लगभग पूरे 2025 दावोस शिखर सम्मेलन के दौरान राज्य द्वारा प्राप्‍त किए गए निवेश के बराबर है। हस्‍ताक्षर किए गए 19 समझौता ज्ञापनों से अलग-अलग क्षेत्र में 15 लाख से ज़्यादा नौकरियाँ मिलने की उम्मीद है। राज्य सरकार की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि ये समझौते राज्य के ‘विकसित महाराष्ट्र 2047’ की परिकल्‍पना और पाँच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्‍यवस्‍था बनने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य के साथ मेल खाते हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कोका-कोला और एंटोरा एनर्जी जैसी ग्लोबल कंपनियों के साथ उच्च-स्तरीय बैठक की जिसमें संचाालन बढ़ाने और आपूर्ति मज़बूत करने पर चर्चा हुई। विज्ञप्ति में कहा गया है कि कृत्रिम बुद्धिमत्‍ता-एआई, क्वांटम कंप्यूटिंग, फिनटेक और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों पर भी वैश्विक उद्योगपतियों से चर्चा होने की उम्मीद है।