मध्य प्रदेश में कल सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक बुधनी और विजयपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। सीहोर जिले की बुधनी सीट केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के लोकसभा सांसद बनने के बाद रिक्त हुई थी। इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी से पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव और कांग्रेस से राजकुमार पटेल उम्मीदवार हैं।
समाजवादी पार्टी भी चुनावी मैदान में है। बुधनी विधानसभा क्षेत्र में कुल दो लाख 76 हजार 397 मतदाता हैं। क्षेत्र में 363 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
श्योपुर जिले की विजयपुर सीट से प्रदेश के वन और पर्यावरण मंत्री राम निवास रावत उम्मीदवार हैं। कांग्रेस से मुकेश मल्होत्रा इस सीट से चुनाव मैदान में हैं।
विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल दो लाख 54 हजार 714 मतदाता हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में 327 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दोनों सीटों पर शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।