मई 8, 2026 7:53 अपराह्न

printer

भारत और त्रिनिदाद-टोबैगो के संबंध इतिहास, मानवीय संपर्क और साझा आकांक्षाओं का संगम है: विदेश मंत्री जयशंकर

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि भारत और त्रिनिदाद-टोबैगो के संबंध इतिहास, मानवीय संपर्क और साझा आकांक्षाओं का अनूठा संगम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान अस्थिर दुनिया में, इन संबंधों का उपयोग करके दोनों देशों के लिए शक्ति और स्थिरता का स्तंभ बनना चाहिए। त्रिनिदाद -टोबैगो डेली एक्सप्रेस अखबार में एक संपादकीय में विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और त्रिनिदाद-टोबैगो का इतिहास उपनिवेशवाद से प्रभावित रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान जीवंत लोकतंत्र और बाजार अर्थव्यवस्थाओं के रूप में, दोनों समाज विविधता और बहुलवाद से शक्ति प्राप्त कर रहे हैं।

 

डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत और त्रिनिदाद-टोबैगो के बीच द्विपक्षीय व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और पिछले पांच वर्षों में यह लगभग दोगुना होकर अब 35 करोड़ डॉलर तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य तथा औषधि, ऑटोमोबाइल और मशीनरी, लोहा और इस्पात, वस्त्र और परिधान जैसे क्षेत्रों में व्यापार लगातार बढ़ रहा है। विदेश मंत्री ने कहा कि त्रिनिदाद-टोबैगो निर्बाध भुगतान के लिए भारत के एकीकृत भुगतान प्रणाली अपनाने वाला पहला कैरेबियाई देश है।