केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर शोक व्यक्त किया। श्री नड्डा ने सोशल मीडिया पोस्ट में इस क्षति को भाजपा के लिए अपूरणीय बताया। उन्होंने याद किया कि पार्टी की दिल्ली इकाई के पहले अध्यक्ष विजय कुमार मल्होत्रा अपनी सादगी, ईमानदारी और अटूट निष्ठा के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कहा कि विजय कुमार मल्होत्रा ने न केवल दिल्ली में संगठन के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि समर्पण के साथ अनगिनत कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन और निर्माण भी किया।
इस बीच, दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जीवन देशभक्ति, संगठनात्मक कौशल और अनुशासन का जीवंत उदाहरण था। उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन की नींव को मजबूत किया और अनगिनत कार्यकर्ताओं को सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाया।