रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार से मोरक्को की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। यह किसी रक्षा मंत्री की उत्तरी अफ्रीकी राष्ट्र की पहली यात्रा होगी। उनका यह दौरा भारत और मोरक्को के बीच बढ़ते रणनीतिक सहयोग को दर्शाता है।
यात्रा के दौरान, रक्षा मंत्री बेरेकिड में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स मोरक्को के व्हील्ड आर्मर्ड प्लेटफॉर्म के नए विनिर्माण संयंत्र के उद्घाटन में शामिल होंगे। यह अफ्रीका में पहला भारतीय रक्षा विनिर्माण संयंत्र है। यह आत्मनिर्भर भारत पहल के तहत रक्षा उद्योग की बढ़ती वैश्विक उपस्थिति को दर्शाता है।
श्री सिंह रक्षा, रणनीतिक और उद्योग सहयोग को मजबूत करने के लिए मोरक्को के रक्षा मंत्री अब्देलतीफ लौदियी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। रक्षामंत्री औद्योगिक सहयोग के अवसरों का पता लगाने के लिए मोरक्को के उद्योग और व्यापार मंत्री रियाद मेज़ूर से मुलाकात करेंगे। अपनी यात्रा के दौरान, रक्षा मंत्री रबात में जीवंत भारतीय समुदाय के साथ भी बातचीत करेंगे।
दोनों नेता रक्षा क्षेत्र में सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर कर सकते हैं। यह समझौता औद्योगिक तथा द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को मजबूत करेगा।