दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों और रिमेडियल क्लास को लेकर सर्कुलर जारी किया है। आदेश के अनुसार, दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों में 11 मई से 30 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। वहीं, अवकाश के दौरान, कक्षा 9वीं, 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए 11 मई से 23 मई तक विशेष रिमेडियल क्लास आयोजित की जाएंगी। इन क्लास का उद्देश्य छात्रों की पढ़ाई मजबूत करना और सीखने के स्तर में सुधार लाना है। इन विद्यार्थियों के लिए कक्षाओं का समय सुबह साढ़े सात बजे से साढ़े दस बजे तक रहेगा, वहीं, शिक्षकों को सुबह 7 बजकर 20 मिनट से 11 बजे तक स्कूल में मौजूद रहना होगा। प्रत्येक पीरियड एक घंटे का होगा। कक्षा 9वीं और 10वीं में विज्ञान और गणित विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, तथा 12वीं के लिए विषयों का चयन स्कूल प्रमुख आवश्यकता के अनुसार करेंगे। इस दौरान, विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य होगा और उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज की जाए तथा स्कूलों के पुस्तकालय खुले रहेंगे।
निदेशालय ने सभी जिला और क्षेत्र निदेशकों को उपचारात्मक कक्षाओं का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करने तथा प्रतिदिन कम से कम दो विद्यालयों का दौरा करने का निर्देश दिया है। साथ ही, स्कूलों में स्वच्छ पेयजल, पुस्तकालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।