मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

नवम्बर 18, 2024 1:58 अपराह्न

printer

झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव प्रचार आज शाम समाप्त होगा

झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार आज शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगा। इस चरण में 38 सीटों पर 20 तारीख को मतदान होगा। राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदाताओं को लुभाने के लिए अंतिम प्रयास कर रहे हैं। साहिबगंज जिले के राजमहल में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को भरोसा दिलाया कि अगर भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में आई तो बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकाल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सिर्फ वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को संरक्षण दे रहे हैं।

 

दूसरी ओर वरिष्ठ झारखण्ड मुक्ति मोर्चा नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा पर धर्म के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाया। जामताड़ा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए श्री सोरेन ने कहा कि भाजपा विकास के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है।

 

शिवराज सिंह चौहान, हिमंत बिस्वा सरमा और चंपई सोरेन सहित कई भाजपा नेता एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। कांग्रेस, राष्‍ट्रीय जनता दल, ऑल झारखण्‍ड स्‍टूडेंट यूनियन पार्टी और वामपंथी दलों के नेता राज्‍य के विभिन्न इलाकों में रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।

 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौरव गोगोई ने भाजपा पर मुख्य मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। धनबाद में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्‍होंने दावा किया कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। मतगणना 23 नवंबर को होगी। 

 

महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार खत्म होने में अब कुछ ही घंटे बचे हैं, ऐसे में विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता और स्टार प्रचारक अपने-अपने पार्टी प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाने की आखिरी कोशिश करते नजर आ रहे हैं।