केरल मे वायनाड लोकसभा क्षेत्र और चेलक्कारा आरक्षित विधानसभा क्षेत्र में कल होने वाले उपचुनाव के लिए सभी तैयारियां हो चुकी हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में आज मतदान सामग्री का वितरण किया जा रहा है। वायनाड में रोचक मुकाबला होने की संभावना है, जिसमें कांग्रेस पार्टी की प्रियंका गांधी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के बैनर तले चुनावी शुरुआत कर रही हैं। लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट के सीपीआई के सत्यन मोकेरी और एनडीए की भाजपा उम्मीदवार नव्या हरिदास उन्हें चुनौती दे रही हैं। कुल 16 उम्मीदवार मैदान में हैं।
जुलाई में हुए भूस्खलन से प्रभावित मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। केरल राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा मुफ्त बस सेवाओं की व्यवस्था की गई है। यह उपचुनाव राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद हो रहा है, जिन्होंने पिछले आम चुनाव में दोनों सीटों से जीत हासिल करने के बाद रायबरेली का प्रतिनिधित्व करना चुना था।
चेलक्कारा उपचुनाव पूर्व राज्य मंत्री के राधाकृष्णन के इस्तीफे के बाद हो रहा है, जो पिछले आम चुनाव में अलाथुर से लोकसभा के लिए चुने गए थे। चुनाव निगरानी दस्ते ने चेरुथुरुथी में एक वाहन से 25 लाख रुपए जब्त किए है। इसकी जांच चल रही है।