जनवरी 24, 2026 5:32 अपराह्न

printer

केन्द्रीय मंत्री संजय सेठ और जयंत चौधरी ने वीर गाथा पुरस्कार विजेताओं को किया सम्मानित

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने आज वीर गाथा के पांचवें संस्‍करण के सुपर सौ पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया। इनका चयन राष्ट्रीय स्तर पर तीन श्रेणियों के अंतर्गत 18 देशों के 91 विद्यालयों में से किया गया है।

प्रत्येक विजेता को दस हजार रुपये का नकद पुरस्कार और इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इस वर्ष लगभग एक लाख 92 हजार विद्यालयों के करीब एक करोड़ 92 लाख छात्रों ने इसमें भाग लिया। यह वर्ष 2021 में शुरुआत के बाद से अब तक इसमें सबसे अधिक भागीदारी है। वीर गाथा पुरस्कार रक्षा और शिक्षा मंत्रालयों की एक संयुक्त पहल है।

इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने विद्यार्थियों से भारत की गाथा के वाहक बनने का आह्वान किया और उनसे 2047 तक भारत को वैश्विक प्रमुख बनाने में योगदान देने का आग्रह किया। राष्ट्रीय बालिका दिवस के साथ इस कार्यक्रम के महत्व पर उन्‍होंने कहा कि लगभग दो-तिहाई विजेता लड़कियां थीं। यह बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पहल की सफलता को दर्शाती है। केंद्रीय मंत्री ने वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में ऐतिहासिक नायकों और गुरु गोविंद सिंह के युवा पुत्रों के बलिदान का उल्लेख करते हुए देश की वीरता की विरासत को श्रद्धांजलि अर्पित की।

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि यह आयोजन लघु भारत का उत्सव है। इसमें देश भर से विजेता शामिल हैं। उन्होंने युवाओं से एक विकसित भारत के लिए परिवर्तन का वाहक बनने का आग्रह किया।
जम्मू-कश्मीर की इरज़ा सज्जाद ने आकाशवाणी को बताया कि वीर गाथा के इस आयोजन का हिस्सा बनकर उन्हें बहुत खुशी हुई।
संयुक्त अरब अमीरात के शौर्य ठाकुर ने आकाशवाणी से पुरस्कार प्राप्त करने के अपने अनुभव साझा किए।