ईरान द्वारा संयुक्त अरब अमीरात पर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों की अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने कडी निंदा व्यक्त की है। खाड़ी देशों में, बहरीन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और मिस्र ने सबसे पहले इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। जॉर्डन और खाड़ी सहयोग परिषद और अरब लीग ने भी इसे संयुक्त अरब अमीरात की संप्रभुता का सीधा उल्लंघन बताया। इसके अलावा, यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा ने भी औपचारिक रूप से हमलों की निंदा की है।
ये हमले अमरीका द्वारा प्रोजेक्ट फ्रीडम शुरू करने के कुछ घंटों बाद 4 मई को शुरू हुए जो खाड़ी में फंसे वाणिज्यिक जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित निकालने के लिए सैन्य सुरक्षा के साथ चलाया जाने वाला अभियान था। ईरान, जिसने फरवरी के अंत में युद्ध शुरू होने के बाद से जलडमरूमध्य पर नियंत्रण करने की कोशिश की है, ने अमेरिकी नौसेना के जहाजों और अमेरिकी संरक्षण में चल रहे वाणिज्यिक जहाजों पर क्रूज मिसाइलों और ड्रोन से हमला करके जवाबी कार्रवाई की। इसके बाद उसने संयुक्त अरब अमीरात पर निशाना साधते हुए नागरिक स्थलों और सुविधाओं पर 12 बैलिस्टिक मिसाइलें, तीन क्रूज मिसाइलें और चार ड्रोन दागे। वायु रक्षा प्रणालियों ने अधिकांश मिसाइलों को रोक दिया, लेकिन फुजैराह में एक तेल संयंत्र पर ड्रोन हमले से आग लग गई, जिसमें तीन भारतीय नागरिक मामूली रूप से घायल हो गए।
कई देशों ने तनाव कम करने की आवश्यकता पर जोर दिया है और बढ़ते तनाव के लिए पूरी तरह से तेहरान को जिम्मेदार ठहराया। कई देशों ने यह भी संकेत दिया है कि वे ईरान के प्रति अपने दृष्टिकोण का पुनर्मूल्यांकन कर सकते हैं।