अप्रैल 22, 2026 1:19 अपराह्न

printer

पंजाब में गैंगवार की घटनाओं में आई 69% कमी: पंजाब पुलिस 

पंजाब पुलिस का दावा है कि इस साल 20 जनवरी को राज्य में शुरू किए गए “गैंगस्‍ट्रन ते वार” अभियान के बाद से पिछले तीन महीनों में गैंगवॉर से संबंधित हत्याओं और गोलीबारी की घटनाओं में 69 प्रतिशत की कमी आई है। यह कमी आम जनता की मदद से संभव हुई है, जो राज्य में गैंगस्टरवाद को समाप्त करने में पुलिस को जानकारी देने के लिए आगे आ रही है।
 
राज्य के लोग टोल-फ्री एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर कॉल करके जबरन वसूली से संबंधित कॉल या गैंगस्टरों से जुड़ी किसी भी घटना की रिपोर्ट कर रहे हैं। गुमनाम रूप से रिपोर्ट करने के लिए राज्य सरकार द्वारा स्थापित हेल्पलाइन अभियान शुरू होने के बाद से गैंगस्टरों से संबंधित अपराधों के बारे में इस पर हर महीने लगभग 175 कॉल आ रही हैं।
 
आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि जनवरी से गैंगस्टरों से जुड़े हत्या के मामलों में शत प्रतिशत  की गिरावट आई है। हालांकि, जबरन वसूली के मामलों में लगभग 11 प्रतिशत की ही गिरावट हो पाई है जिससे आम जनता और लक्षित लोगों में अब भी दहशत है। जनवरी में रिपोर्ट किए गए जबरन वसूली के 110 मामलों की संख्‍या घटकर मार्च में 98 हो पाई है।