मई 18, 2026 7:44 अपराह्न

printer

घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले, बाद में दिखा सुधार

घरेलू शेयर बाजार आज गिरावट के साथ खुले। आधे सत्र तक दोनों सूचकांक दबाव में रहे, लेकिन कुछ समय बाद उनमें सुधार नजर आया। सत्र के दौरान रिकवरी भी हुई और अंतत: बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज के सेंसेक्स में ग्‍यारह सौ अंकों से अधिक का उछाल आया, जबकि नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज के निफ्टी में मुनाफावसूली के कारण 300 से अधिक अंकों की बढ़त देखी गई। सेंसेक्स 77 अंक बढ़कर 75 हजार 315 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी छह अंक की मामूली बढ़त के साथ 23 हजार 650 पर आ गया। हालांकि, विस्‍तृत शेयर बाजार में गिरावट देखी गई। मिडकैप-100 शून्‍य दशमलव एक प्रतिशत से अधिक लुढ़का, जबकि स्मॉलकैप-100 में लगभग एक दशमलव तीन प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

सेंसेक्स में शामिल 30 में से 17 कंपनियों के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। शीर्ष प्रदर्शन करने वाली कंपनियों के शेयरों में, टेक महिंद्रा लगभग साढ़े चार प्रतिशत, इंफोसिस दो प्रतिशत से अधिक और भारती एयरटेल के शेयरों में लगभग 1 दशमलव 8 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। वहीं, खराब प्रदर्शन करने वाली कंपनियों के शेयरों में टाटा स्टील 3 दशमलव 2 प्रतिशत, पावरग्रिड तीन प्रतिशत से अधिक  और एस.बी.आई के शेयरों में लगभग ढाई प्रतिशत की गिरावट देखी गई।