July 9, 2025 10:14 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • भारत और नामीबिया ने स्वास्थ्य तथा चिकित्सा के क्षेत्र में और उद्यमिता विकास केंद्र स्थापित करने के लिए समझौते किए। नामीबिया वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन में शामिल होने और डिजिटल भुगतान प्रणाली शुरू करने पर सहमत हुआ।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री इस समय नामीबिया की संसद को संबोधित कर रहे हैं।
  • गुजरात सरकार ने वडोदरा में पादरा पुल ढहने की घटना की जाँच के आदेश दिए। दुर्घटना में 9 लोगों की मौत।
  • राजस्‍थान के चुरू में वायुसेना के विमान दुर्घटना में दोनों पायलटों की मौत की जाँच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की गई।
  • मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए मध्य प्रदेश, छत्‍तीसगढ़ और विदर्भ में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
  • भारतीय महिला क्रिकेट टीम और मेजबान इंग्लैंड के बीच चौथा टी-20 क्रिकेट मैच आज रात मैनचेस्टर में खेला जाएगा।
  • विंबलडन में इगा स्वियाटेक और बेलिंडा बेनसिक महिला सिंगल्‍स सेमीफाइनल में पहुँचीं। पुरुष सिंगल्‍स क्वार्टर फाइनल जारी।

 

****

 

भारत और नामीबिया ने आज स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र में, नामीबिया में उद्यमिता विकास केंद्र की स्थापना और सहयोग पर समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। इस वर्ष के अंत में नामीबिया में डिजिटल भुगतान प्रणाली शुरू करने की भी घोषणा की गई। सीडीआरआई और वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन में नामीबिया के शामिल होने के लिए स्वीकृति पत्र भी प्रस्तुत किए गए। नामीबिया की राजधानी विंडहोक में स्टेट हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नामीबिया की राष्ट्रपति नेटुम्बो नंदीनदैतवाह के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद इन समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इस समय नामीबिया की संसद को संबोधित कर रहे हैंआइए सुनते हैं प्रधानमंत्री का संबोधन

 

****

 

इससे पहले, प्रधानमंत्री को द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने में योगदान के लिए नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, ऑर्डर ऑफ़ द मोस्ट एनशिएंट वेल्वित्चिया मिराबिलिस से सम्मानित किया गया है। यह प्रधानमंत्री मोदी का 27वां और उनके वर्तमान दौरे पर प्राप्त चौथा सम्‍मान है। श्री मोदी ने नामीबिया की सरकार और लोगों का आभार व्यक्त किया।

 

राष्‍ट्रपति जी द्वारा नामीबिया के सर्वोच्‍च राष्‍ट्रीय अवार्ड से सम्‍मानित किया जाना मेरे लिए अत्‍यंत गर्व और सम्‍मान की बात है। मैं राष्‍ट्रपति जी का, नामीबिया की सरकार और नामीबिया के लोगों का हृदय से आभार प्रकट करता हूँ। मैं इस सम्‍मान को एक सौ 40 करोड़ भारतीयों की ओर से विनम्रता के साथ स्‍वीकार करता हॅू।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और नामीबिया की मित्रता बहुत पुरानी है।

 

भारत और नामीबिया अपने स्वतंत्रता संग्राम के समय से एक दूसरे के साथ खड़े रहे। हमारे मित्रता राजनीति से नहीं बल्कि संघर्ष, सहयोग और आपसी विश्वास से जन्मी है। साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और उज्जवल भविष्य के साझा सपनों ने इसे सींचा है। भविष्य में भी हम एक दूसरे का हाथ थामे विकास पथ पर साथसाथ आगे बढ़ते रहेंगे।

 

श्री मोदी ने कहा कि भविष्‍य में दोनों देशों की साझेदारी और बढ़ेगी।

 

नामीबिया विश्व के सबसे बड़े डायमंड प्रोड्यूसर में से है और भारत सबसे बड़ी डायमंड पॉलिशिंग इंडस्ट्री, वह भी मेरे होम स्टेट गुजरात में। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय हमारी साझेदारी भी इन्हीं हीरों की तरह जगमगाती रहेगी।

 

****

 

भारत और नामीबिया ने आज दो समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए और तीन बड़ी घोषणाएं कीं।  विदेश मंत्रालय के पूर्वी क्षेत्र सचिव दम्मू रवि ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच वार्ता में महत्वपूर्ण खनिजों, हाइड्रोकार्बन, रक्षा सहयोग, स्वास्थ्य क्षेत्र में साझेदारी, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, पर्यावरण और क्षमता निर्माण में सहयोग बढ़ाने जैसे कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

 

श्री दम्‍मू ने बताया कि दोनों नेताओं ने आतंकवाद की निंदा और बहुपक्षीय संस्था में सुधार जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की।

 

****

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, आज अपने साप्ताहिक कार्यक्रम चर्चा का विषय है में प्रधानमंत्री की 5 देशों की यात्रा और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के प्रमुख निष्कर्षों विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसे रात साढ़े नौ बजे से आकाशवाणी गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर सुना जा सकेगा।

 

********

 

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने वडोदरा में पुल ढहने की दुखद घटना की जांच के आदेश दिए हैं। आज सुबह हुई इस दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गई और कई अन्‍य घायल हो गए। श्री पटेल ने अधिकारियों से प्रारंभिक रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री ने सड़क और भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों से राज्य के अन्य जर्जर पुलों का विवरण मांगा है।

 

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। श्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने को मंजूरी दी है।

 

****

 

वायु सेना के जगुआर प्रशिक्षक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का पता लगाने के लिए जाँच दल गठित किया गया है। राजस्थान के चुरू के पास एक नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान यह विमान आज दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में दोनों पायलटों की मृत्‍यु हो गई है। वायु सेना ने दोनों पायलटों के मौत पर दुख व्‍यक्‍त करते हुए कहा है कि इस दुख की घड़ी में वह शोक संतप्त परिवारों के साथ है। हादसे में किसी भी नागरिक संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुँचा है।

 

****

 

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि देश में शैक्षणिक ज्ञान को सामाजिक कल्याण के साथ जोड़कर समाज की आकांक्षाएं और ऊर्जा आवश्यकताएं पूरा करने वाली स्मार्ट रणनीति बनाने की जरूरत है। नई दिल्ली में एक समारोह में श्री प्रधान ने कहा कि भारत वर्ष 2070 तक शून्य कार्बन उत्‍सर्जन वाली ऊर्जा प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर है।

 

****

 

गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के अवसर पर गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान की सहकारी समितियों से जुड़ी महिलाओं और अन्य कार्यकर्ताओं से बातचीत की। श्री शाह ने कच्छ जिले की ऊँट प्रजनक मालधारी सहकारी समिति की मीरलबेन रबारी से भी बातचीत की। श्री शाह ने बताया कि गुजरात और राजस्थान सरकार मिलकर देश भर के ऊँट प्रजनकों से दूध एकत्र करने की योजना बना रही हैं।

 

****

 

राष्‍ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी महागठबंधन द्वारा आज बुलाए गए बिहार बंद का मिला-जुला असर रहा। राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में महागठबंधन ने बंद और चक्का जाम का आह्वान किया था। उधर, भाजपा ने आरोप लगाया है कि महागठबंधन संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। नई दिल्ली में पार्टी नेता रवि शंकर प्रसाद ने महागठबंधन पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

 

जब कल सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होने वाली है तो आज ये कौन सा दबाव बनाया जा रहा है। क्‍या ये लोग चाहते हैं कि वोटर लिस्‍ट में वो लोग रहें जिनको नहीं रहना चाहिए। अगर ईमानदारी से काम हो रहा है, तो परेशानी क्‍या है आपको। संकेत यहीं है कि जो भी गलत तरीके से वोटर बन गयाउसकी कंधों पर ये अपनी सियासत करना चाहते हैं। 

 

****

 

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में आज बारह माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। जिला पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि नौ माओवादियों पर अट्ठाईस लाख रुपये का इनाम घोषित था।

 

12 माओवादियों ने आत्‍मसमर्पण किया है। इनपर अगर कुल ईनाम राशि देखी जाए तो लगभग 28 लाख रूपये है। इसमें 30 वर्ष से अधिक माओवादी संगठन और सक्रिय डीवीसीएम रैंक है। पश्‍चिम और सब डिविजन के …………………जैसे ……..जैसे मुठभेड़ और आईडी बलास्‍ट में सक्रिय थे। लगभग 30 वर्ष से वह सक्रिय थे। नक्‍सल संगठन में उन्‍होंने आत्‍मसमर्पण किया है।

 

*******

 

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कल तेज बारिश की संभावना है।

 

इस बीच, दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में आज गरज के साथ तेज बारिश हुई। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। कई एयरलाइनों ने यात्रियों को हवाई अड्डे पर पहुँचने से पहले उड़ानों की स्थिति की जाँच करने की सलाह दी है।

 

****

 

हिमाचल प्रदेश में आज स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मूसलाधार बारिश, बादल फटने और भूस्खलन से मंडी जिले के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।

 

****

 

संस्कृति मंत्रालय ने आज भारत केसरी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अर्धवार्षिक स्मरणोत्सव पर नई दिल्ली में एक प्रदर्शनी और कार्यक्रम का आयोजन किया। समारोह में संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राष्ट्र निर्माण में डॉ. श्यामा मुखर्जी के योगदान का उल्‍लेख किया।

 

****

 

बात खेलों की, भारतीय महिला क्रिकेट टीम और इंग्लैंड के बीच चौथा टी-20 क्रिकेट मैच आज रात 11 बजे मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जायेगा। भारतीय टीम पांच मैचों की श्रृंखला में 2-1 से आगे है।

 

****

 

भारत और इंग्‍लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का तीसरा टेस्‍ट मैच कल से लॉर्ड्स में खेला जाएगा। पांच टेस्‍ट मैचों की श्रृंखला एक-एक की बराबरी पर है।

 

****

 

विंबलडन में, पोलैंड की इगा स्वियाटेक और स्विट्जरलैंड की बेलिंडा बेनसिक महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। पुरुष सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में इटली के जैनिक सिनर और अमरीका के बेन शेल्टन का मुकाबला जारी है। इटली के फ्लेवियो कोबोली का मुकाबला सर्बिया के नोवाक जोकोविच से होगा।

 

****

 

तीरंदाजी विश्व कप में भारत के ऋषभ यादव और ज्योति सुरेखा वेन्नम ने चौथे चरण में क्वालीफिकेशन राउंड में एक हजार चार सौ 31 अंक हासिल करते हुए नया कंपाउंड मिक्स्ड टीम वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। दोनों ने व्यक्तिगत के साथ-साथ टीम इवेंट्स में भी शीर्ष वरीयता प्राप्त की।

 

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • भारत और नामीबिया ने स्वास्थ्य तथा चिकित्सा के क्षेत्र में और उद्यमिता विकास केंद्र स्थापित करने के लिए समझौते किए। नामीबिया वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन में शामिल होने और डिजिटल भुगतान प्रणाली शुरू करने पर सहमत हुआ।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री इस समय नामीबिया की संसद को संबोधित कर रहे हैं।
  • गुजरात सरकार ने वडोदरा में पादरा पुल ढहने की घटना की जाँच के आदेश दिए। दुर्घटना में 9 लोगों की मौत।
  • राजस्‍थान के चुरू में वायुसेना के विमान दुर्घटना में दोनों पायलटों की मौत की जाँच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की गई।
  • मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए मध्य प्रदेश, छत्‍तीसगढ़ और विदर्भ में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
  • भारतीय महिला क्रिकेट टीम और मेजबान इंग्लैंड के बीच चौथा टी-20 क्रिकेट मैच आज रात मैनचेस्टर में खेला जाएगा।
  • विंबलडन में इगा स्वियाटेक और बेलिंडा बेनसिक महिला सिंगल्‍स सेमीफाइनल में पहुँचीं। पुरुष सिंगल्‍स क्वार्टर फाइनल जारी।

****