August 25, 2025 9:57 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :- 

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात में पांच हजार चार सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्‍होंने कहा-सरकार गरीबों को सम्मानपूर्ण जीवन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध।
  • भारत और फिजी ने आतंकवाद को कतई बर्दाश्‍त न करने की नीति दोहराई। दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र में आपसी सहयोग मजबूत करने का संकल्प लिया।
  • मौसम विभाग ने कल उत्तर भारत, तटीय आंध्र प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  • अहमदाबाद में राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप में महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में मीराबाई चानू ने स्वर्ण पदक जीता।
  • एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में भारतीय महिला निशानेबाजों ने तीन स्वर्ण सहित सात पदक जीते। भवनीश मेंदीरत्ता ने पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक जीता।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों के हित राष्ट्र के लिए सर्वोपरि हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी दबाव में इन समूहों को कोई नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने आज अहमदाबाद के खोडलधाम मैदान में पांच हजार चार सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।

 

प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार समाज के हर वर्ग के लिए सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि शहरी गरीबों का जीवन आसान बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश आत्मनिर्भरता को आधार बनाकर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा।  

 

आज भारत में आत्मनिर्भरता को विकसित भारत के निर्माण का आधार बना दिया है। अपने किसानों, अपने मछुआरों, अपने पशुपालकों, अपने उद्यमियों के दम पर भारत तेजी से विकास के रास्ते पर चल रहा है

 

प्रधानमंत्री ने नागरिकों से आत्मनिर्भर भारत की परिकल्‍पना को साकार करने के लिए मेड इन इंडिया उत्पादों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया और निर्माताओं से उत्पाद की गुणवत्ता बढ़ाने की अपील की।

 

यह त्योहारों का मौसम है अब नवरात्रि, विजयादशमी, धनतेरस, दीपावली ये सभी त्यौहार आ रहे हैं यह हमारी संस्कृति के उत्सव तो है ही, ये आत्‍मनिर्भरता के भी उत्सव होने चाहिए और इसलिए मैं आपसे एक बार फिर अपना आग्रह दोहराना चाहता हूं हमें जीवन के अंदर एक मंत्र बनाना है अब जो भी खरीदेंगे मेड इन इंडिया होगा।

 

 प्रधानमंत्री ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ भारत की कार्रवाई पूरी दुनिया ने देखी। 

 

आज आतंकवादी और उनके आकाओं को हम छोड़ते नहीं, चाहे वो कहीं भी छुपे हो, दुनिया ने देखा है पहलगाम का बदला भारत ने कैसे लिया।

 

प्रधानमंत्री ने साबरमती आश्रम पुनर्विकास के बारे में कहा कि यह दुनिया में शांति का सबसे बड़ा प्रतीक बन जाएगा। आज शुरू की गई परियोजनाएँ शहरी विकास, ऊर्जा, सड़क और रेलवे से संबंधित हैं।

 

11 सालों में करीब तीन हजार किलोमीटर लंबे नए रेल ट्रैक गुजरात में बिछाए गए हैं। गुजरात में रेलवे के पूरे नेटवर्क का शत-प्रतिशत बिजलीकरण हो चुका है। आज भी जो रेलवे प्रोजेक्‍ट गुजरात को मिले हैं  इसे किसानों, उद्योगों और श्रद्धालुओं सभी को लाभ होगा। साथियों हमारी सरकार शहर में रहने वाले गरीबों को सम्मान का जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध है। गरीब की गरिमा पर बहुत बल देते हैं। आज साबरमती आश्रम के प्रवेश द्वार पर बने गरीबों के नए घर इसका एक साक्षात उदाहरण बनेगा।

 

श्री मोदी कल अहमदाबाद के हंसलपुर में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के स्थानीय उत्पादन का उद्घाटन करेंगे और 100 देशों को निर्यात होने वाले बैटरी इलेक्ट्रिक वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

 

****

 

भारत और फ़िजी ने आतंकवाद को कतई बर्दाश्‍त न करने की नीति अपनाने का निर्णय लिया है। नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ़िजी के प्रधानमंत्री सितिवेनी राबुका के बीच द्विपक्षीय वार्ता में आतंकवाद के विरुद्ध सहयोग को मज़बूत करने पर सहमति व्यक्त की गई। इसमें आतंकवाद के सभी स्‍वरूपों और अभिव्यक्तियों की निंदा की गई। दोनों नेताओं ने जम्मू-कश्मीर में पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। वार्ता के बाद श्री मोदी ने संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों देशों ने आतंकवाद और कट्टरपंथ से निपटने की आवश्यकता पर बल दिया।   

 

हम एक मत है कि आतंकवाद पूरी मानवता के लिए बहुत बड़ी चुनौती है। आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई में सहयोग और समर्थन के लिए हम प्रधानमंत्री राबूका और फिजी सरकार का आभार व्यक्त करते हैं।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र में आपसी सहयोग को मज़बूत करने का निर्णय लिया है।

 

हमने रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र में आपसी सहयोग को मजबूत करने का निर्णय लिया है। इसके लिए एक एक्‍शन प्‍लान तैयार किया गया है। फिजी की मेरिटाइम सिक्‍युरिटी को सशक्‍त करने के लिए भारत से ट्रेनिंग और इक्विपमेंट में सहयोग दिया जाएगा। साइबर सिक्‍युरिटी और डेटा प्रोटेक्‍शन के क्षेत्र में हम अपने अनुभव साझा करने के लिए तैयार हैं।

 

****

 

विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ फिजी के प्रधानमंत्री की द्विपक्षीय वार्ता के संबंध में प्रेस वार्ता की है। विदेश मंत्रालय में दक्षिण मामलों की सचिव नीना मल्‍होत्रा ने बताया कि दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और अंतर्राष्‍ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। बैठक के दौरान आपसी हित के कई मुद्दों पर विचार हुआ। 

 

****

 

फ़िजी के प्रधानमंत्री ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत प्रशांत द्वीपीय देशों के साथ अपने संबंधों और विकास साझेदारी को मज़बूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। राष्‍ट्रपति ने कहा कि क्षमता निर्माण हमेशा से भारत-फिजी संबंधों का एक महत्‍वपूर्ण स्‍तंभ रहा है।

 

****

 

अटल पेंशन योजना के अन्‍तर्गत पंजीकृत लोगों की संख्या 8 करोड़ 11 लाख को पार कर गई है और वित्तीय वर्ष 2024-25 में एक करोड़ 17 लाख से अधिक नए लोग जुड़े हैं। यह योजना महिलाओं और युवाओं के बीच तेज़ी से लोकप्रिय हो रही है। 2024-25 में कुल नामांकनों में से 55 प्रतिशत महिलाएँ थीं।

 

पेंशन निधि नियामक और विकास प्राधिकरण ने आज नई दिल्ली में अटल पेंशन योजना वार्षिक सम्मान समारोह का आयोजन किया।

 

प्राधिकरण के अध्यक्ष एस. रमन ने बैंकिंग जगत के महत्वपूर्ण सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस योजना में एक ही वित्तीय वर्ष में 50 लाख नए लोग जुडे हैं। जो अब तक की सबसे अधिक संख्‍या है। इनमें से 46 प्रतिशत से अधिक 18 से 25 वर्ष की आयु के युवाओं के हैं।

 

****

 

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नई दिल्ली में 56वीं आईआईटी परिषद बैठक की अध्यक्षता की। श्री प्रधान ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बैठक में शैक्षणिक प्रगति का जायजा लिया गया। इस दौरान अगले 25 वर्षों के लिए आईआईटी की रूपरेखा का उल्‍लेख किया।

 

****

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता लोकतंत्र की शक्ति है, लेकिन इस स्वतंत्रता का उपयोग गरिमापूर्ण रूप से किया जाना चाहिए। श्री बिरला ने आज दिल्ली विधानसभा में दो दिवसीय अखिल भारतीय अध्यक्ष सम्मेलन में यह बात कही। श्री बिरला ने सभी अध्यक्षों से सदन को अधिक पारदर्शी और जनता के प्रति अधिक उत्तरदायी बनाने का आग्रह किया।

 

सभी दल के मान्‍य सदस्यों को इस वर्तमान परिस्थिति में विचार करना होगा की कि जनता हमारे कार्यों को, हमारे कार्यक्रम को, हमारे व्यवहार को, हमारे आचरण को देखती है और इसीलिए हमारे कार्य, हमारे आचरण को दुनिया फॉलोअप करती है। इससे सदन हो, सदन के बाहर हो, हमारे विचार, हमारी भाषा कैसी हो, इस पर भी विचार करने की आवश्यकता है।

 

****

 

भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ​​ने कहा कि इस समय भारतीय अर्थव्यवस्था की विशेषता मजबूत और विशाल आर्थिक बुनियादी ढाँचे हैं। मुंबई में फिबैक 2025 सम्मेलन में श्री मल्‍होत्रा ने कहा कि कोविड के बाद अर्थव्यवस्था में जबरदस्‍त उछाल आया है और पिछले चार वर्षों में लगभग 8 प्रतिशत की औसत वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई है।

 

****

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को सम्मानित किया। सम्मान समारोह उत्तर प्रदेश के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग ने शुभांशु के अंतरिक्ष मिशन एक्सियम-फोर को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उनके गृहनगर पहुंचने पर आयोजित किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि शुभांशु की ऐतिहासिक उपलब्धि के सम्मान में उनके नाम पर एक छात्रवृत्ति शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अंतरिक्ष विज्ञान केवल अंतरिक्ष अन्वेषण तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को सुगम बनाने और प्राकृतिक चुनौतियों तथा आपदाओं से निपटने में भी सहायक हो सकता है।

 

साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, मैथमेटिक्स के फील्ड में जो हमारा युवा अपना कैरियर बनाना चाहता है उन युवाओं के लिए इस फील्ड में क्या अवसर है, स्पेस टेक्नोलॉजी कैसे विकास के नए द्वार खोल सकती है, कैसे आपदाओं को नियंत्रित करने में हमें सफलता प्राप्त हो सकती है और इसलिए आज का यह नागरिक अभिनंदन उस दिशा में आगे बढ़ने का एक अवसर है।

 

इस अवसर पर, ग्रुप कैप्‍टन शुभांशु शुक्ला ने कहा कि आने वाले समय में लोग नासा की नहीं, बल्कि इसरो की बात करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके अंतरिक्ष मिशन के बाद हुए परिवर्तन देश की अंतरिक्ष यात्रा को आगे बढ़ाने में बहुत सहायक होंगे।

 

अगला ट्रांसफार्मेशन सेक्टर जो मुझे दिखता है वो स्पेस का क्षेत्र दिखता है और मुझे लगता है कि बाकी सारे सेक्टर चाहे वह एजुकेशन हो या इंडस्ट्री हो या फिर डिप्लोमेसी कहूंगा मैं किसी भी तरीके से आप स्पेस के क्षेत्र को किसी भी विभाग में यूस कर सकते हैं और एक ओवरऑल नेशन बिल्डिंग के टूल की तरह हम इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।

 

****

 

अहमदाबाद में 30वीं कॉमनवेल्‍थ भारोत्‍तोलन चैंपियनशिप के पहले दिन भारतीय खिलाडियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। ओलंपिक रजत पदक विजेता मीराबाई चानू ने 48 किलोग्राम भार वर्ग में स्‍वर्ण पदक जीता। महिलाओं की 44-48 किलोग्राम वर्ग में प्रीति स्मिता भोई और पुरूषों के 60 किलोग्राम वर्ग में रिषिकांत सिंह ने और 56-60 किलोग्राम वर्ग में धर्मज्‍योति देवघारिया ने भी भारत को स्‍वर्ण पदक दिलाया।

 

****

 

भारतीय महिला निशानेबाजों ने आज कज़ाकिस्तान में एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में 25 मीटर पिस्टल जूनियर व्यक्तिगत स्पर्धा में अपना दबदबा कायम रखते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते। पायल खत्री ने स्वर्ण, नाम्या कपूर ने रजत और तेजस्वनी ने फाइनल में कांस्य पदक जीता। तीनों ने टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता। भवनीश मेंदीरत्ता ने पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक जीता। महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा में नीरू ढांडा ने स्वर्ण पदक और आशिमा अहलावत ने कांस्य पदक जीता। इससे पहले, मनु भाकर, ईशा और सिमरनप्रीत कौर बरार की भारतीय तिकड़ी ने 25 मीटर पिस्टल महिला सीनियर टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

 

****

 

मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, ओडिशा, पंजाब और राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर कल बहुत भारी वर्षा की आशंका व्‍यक्‍त की है। केरल, माहे, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में भी अगले 2-3 दिनों के दौरान मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है।

 

****

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात में पांच हजार चार सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्‍होंने कहा- सरकार गरीबों को सम्मानपूर्ण जीवन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध।
  • भारत और फिजी ने आतंकवाद को कतई बर्दाश्‍त न करने की नीति दोहराई। दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र में आपसी सहयोग को मजबूत करने का संकल्प लिया।
  • मौसम विभाग ने कल उत्तर भारत, तटीय आंध्र प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  • अहमदाबाद में राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप में महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में मीराबाई चानू ने स्वर्ण पदक जीता।
  • एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में भारतीय महिला निशानेबाजों ने तीन स्वर्ण पदक जीते। भवनीश मेंदीरत्ता ने पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक जीता