Download
Mobile App

android apple
signal

May 28, 2025 10:01 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • केंद्र ने चौदह खरीफ फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की; किसान क्रेडिट कार्ड ऋणों के लिए डेढ़ प्रतिशत ब्याज सहायता योजना को वर्तमान वित्त वर्ष के लिए बढ़ाया।

  • सरकार ने महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में रेलवे की करीब तीन हजार चार सौ करोड़ रुपये की मल्टीट्रैकिंग परियोजनाओं को भी मंजूरी दी।

  • सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल वैश्विक स्तर पर पाकिस्तान के सीमा पार आतंकवाद को उजागर कर रहा है। इंडोनेशिया, ग्रीस और अन्य देशों ने आतंकवाद को कतई बदार्श्‍त नहीं करने की भारत की नीति का समर्थन किया।

  • मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर क्षेत्र, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में कल मूसलाधार वर्षा की संभावना व्‍यक्‍त की।

  • भारत ने दक्षिण कोरिया में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 4 गुणा चार सौ मीटर मिक्‍स्‍ड रिले में स्वर्ण पदक जीता। 

*****

 

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने चौदह खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य-एम.एस.पी. में वृद्धि को मंजूरी दे दी है। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली में कहा कि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने के लिए यह वृद्धि की गई है।

 

 

सीएसीपी की रिपोर्ट पर 2025-26 के खरीफ मार्केटिंग सीजन के लिए आज कैबिनेट में एमएसपी अप्रूव हुआ है। टोटल अमाउंट इसका दो लाख सात हजार करोड़ के आसपास का एस्टीमेट किया गया है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने प्रतिबद्धता दिखाई है किसानों को उनकी कॉस्ट के ऊपर 50% मिनिमम मार्जिन मिले, उसका ध्यान रखा गया है। तो जितने भी क्रॉप से हर एक क्रॉप के लिए कॉस्ट प्लस 50%, इस चीज का ध्यान रखा गया है

 

 

मंत्रिमंडल ने वर्तमान डेढ प्रतिशत ब्याज अनुदान के साथ वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए संशोधित ब्याज अनुदान योजना को जारी रखने की भी मंजूरी दी है। इस योजना का उद्देश्य किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसानों को सस्ती ब्याज दर पर अल्पकालिक ऋण की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

 

 

 

चार परसेंट पर दो लाख रूपये तक का किसानों को कैपिटल मिले, वह ध्यान रखा गया है, इस स्कीम में। 7% नॉमिनल रेट है, उसमें 1.5% सब्मेंशन है और 3% है प्रॉन्प्ट रीपेमेंट इंसेंटिव। इफेक्टिवली जो निकला है, उसमें यह है कि करीब 4% पर किसानों को दो लाख रूपये तक का लोन मिलता है। 449 बैंक्‍स और फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस, इस स्कीम में जुड़े हुए हैं।

 

 

मंत्रिमंडल ने महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में रेलवे की दो मल्टीट्रैकिंग परियोजनाओं को भी मंजूरी दी है। श्री वैष्‍णव ने कहा कि इसकी अनुमानित लागत करीब तीन हजार चार सौ करोड़ रुपये है और इसे वर्ष 2029-30 तक पूरा कर लिया जाएगा।

 

 

 

आज थर्ड लाइन, फोर्थ लाइन यानि क्वाडर्पलिंग के 4 लाइनिंग के दो प्रोजेक्ट हैं। पहला रतलामनागदा, इसको फोर लाइनिंग करेंगे जिससे कि दिल्लीमुंबई कॉरिडोर की कैपेसिटी सिग्‍निफिकेंटली बढ़ेगी। वर्धा से बल्लारशाह का 4 लाइनिंग का प्रोजेक्ट आज अप्रूव हुआ है, इसमें 135 किलोमीटर की टोटल लेंथ है और 2381 करोड़ रूपीज का इसमें इन्वेस्टमेंट रहेगा। करीबकरीब 11 मिलियन टंस का एडिसनल कार्गो भी इससे आएगा, हाइली वायबल प्रोजेक्‍ट है, इसको अगले 3 से 4 वर्षों में कंप्लीट किया जाएगा।

 

 

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने आंध्र प्रदेश में तीन हजार छह सौ 53 करोड रुपये से अधिक की लागत से एक सौ आठ किलोमीटर से अधिक लंबाई के 4-लेन बडवेलनेल्लोर गलियारे के निर्माण को मंजूरी भी दी है। यह राज्‍य के तीन औद्योगिक कॉरिडोर में महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।

 

*****

 

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल वैश्विक स्तर पर पाकिस्तान के सीमा पार आतंकवाद को उजागर कर रहा है। इंडोनेशिया, ग्रीस और अन्य देशों ने आतंकवाद को कतई बदार्श्‍त नहीं करने की भारत की नीति का समर्थन किया है।

 

 

 

संजय झा के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने आसियान के महासचिव से भी मुलाकात की, जिन्होंने कहा कि उन्हें पहलगाम आतंकी हमले के बारे में जानकारी दी गई। महासचिव ने आतंकवाद के सभी रूपों और सभी कृत्यों की निंदा की।

 

 

 

डीएमके सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में एक अन्य सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का ग्रीस में एक ग्रीक संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने स्वागत किया। इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने भारत के साथ खड़े होने और आतंकवाद की निंदा करने के लिए ग्रीस को धन्यवाद दिया और कहा कि आतंकवाद केवल भारतीय धरती तक ही सीमित नहीं है। बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने सीनेट की विदेश मामलों और रक्षा समिति की अध्यक्ष स्टेफनिया क्रैक्सी के साथ बैठक की। आनंद कुमार की रिपोर्ट के साथ अक्षित वैद्यान आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

 

*****

 

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि आतंकवादी कृत्यों के खिलाफ अपने लोगों की रक्षा करने के भारत के अधिकार को दुनिया भर के देशों ने मान्यता दी है। नई दिल्ली में डॉ. जयशंकर ने जम्मू-कश्मीर में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के प्रति इटली की एकजुटता और समर्थन की सराहना की।

 

*****

 

सरकार ने सशस्त्र बलों में अधिक नियंत्रण दक्षता के लिए अंतर-सेवा संगठन-कमांड, नियंत्रण और अनुशासन अधिनियम 2023 के अन्‍तर्गत नियमों के लिए राजपत्र अधिसूचना जारी की है। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि इसका उद्देश्य अंतर-सेवा संगठनों के प्रभावी कमांड, नियंत्रण और कुशल कामकाज को बढ़ावा देना और सशस्त्र बलों के बीच संयुक्तता को मजबूत करना है। ये नियम संगठन प्रमुखों को भी सशक्त बनाएंगे, अनुशासनात्मक मामलों का शीघ्र निपटान सक्षम करेंगे और कार्यवाही के दोहराव से बचने में सहायता करेंगे।

 

*****

 

वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने आज नई दिल्ली में भारतीय गुणवत्ता परिषद के नए एकीकृत मुख्यालय का लाकार्पण किया। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नए परिसर के उद्घाटन की प्रशंसा की है। श्री मोदी ने कहा कि भारतीय गुणवत्ता परिषद शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, पर्यावरण, शासन, बुनियादी ढांचे और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में गुणवत्ता मानकों को प्रोत्‍साहन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

 

*****

 

मौसम विभाग ने असम, मेघालय, तटीय और दक्षिण कर्नाटक, केरल, माहे, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में कल बहुत तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कल मूसलाधार वर्षा होने की आशंका है। उत्तराखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, झारखंड, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और पश्चिम मध्य प्रदेश में भी यही स्थिति रह सकती है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में गुजरात में तटीय क्षेत्र में तेज बारिश की संभावना व्‍यक्‍त की है।

 

 

आकाशवाणी से बात करते हुए आईएमडी अहमदाबाद के निदेशक ए.के. दास ने कहा कि अगले दो दिनों में दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के जिलों में कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि दो दिनों के बाद बारिश की तीव्रता कम हो सकती है। इस बीच मछुआरों को 30 मई से 1 जून तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। आज सुबह से राज्य के नवसारी, डांग और वलसाड क्षेत्र में आज हल्की बारिश दर्ज हुई। अपर्णा खुंट//आकाशवाणी समाचार//अहमदाबाद

 

******

 

पाकिस्तान की सीमा से लगे जिलों में कल सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास गुजरात, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में होगा। इस दौरान अधिकारी प्रतिभागियों को आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए कौशल और प्रशिक्षण सत्र आयोजित करेंगे। इसमें विभिन्न धार्मिक संगठनों और सरकारी विभागों के अतिरिक्‍त एनसीसी कैडेट तथा एनएसएस स्वयंसेवक शामिल होंगे।

******

 

संयुक्त राष्ट्र के अंतर्गत सेवा करते हुए पिछले वर्ष जान गंवाने वाले दो भारतीय शांति सैनिकों को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा। ब्रिगेडियर जनरल अमिताभ झा और हवलदार संजय सिंह को कल संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर एक समारोह में मरणोपरांत डैग हैमरशॉल्ड  पदक प्रदान किए जाएंगे।

 

*****

 

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का उत्‍सव मनाते हुए, राष्ट्र भारतीय सैनिकों की वीरता को नमन करता है। सशस्त्र बलों को श्रद्धांजलि स्वरूप आकाशवाणी समाचार प्रभाग विशेष श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज हम सूबेदार जोगिंदर सिंह को स्‍मरण कर रहे हैं। उन्हें 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने पर परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था।

 

 

 

दिसम्‍बर 1924 में राजस्थान के जोधपुर में जन्मे मेजर शैतान सिंह साल 1949 में सेना की कुमाऊं रेजीमेंट में भर्ती हुए। 1962 में भारतचीन युद्ध के दौरान मेजर शैतान सिंह ने 13 कुमाऊं रेजिमेंट की सीकंपनी का नेतृत्व किया और पांच हजार मीटर की ऊंचाई पर स्थित रेजांगला में एक रणनीतिक स्थान पर कब्जा किया। 18 नवंबर की सुबह चीन ने इस स्थान पर बड़ा हमला किया, उस समय इस जगह पर कंपनी की पांच पलटनें मौजूद थीं। जब दुश्मन सैनिक पहाड़ी नालों से आगे बढ़े, तो भारतीय सैनिकों ने विनाशकारी गोलाबारी कर दुश्मन के छक्के छुड़ा दिए, जिससे उसे भारी नुकसान पहुंचा। अत्यंत ठंड और बड़ी संख्या में दुश्मन के सैनिकों की मौजूदगी के बावजूद कुमाऊं रेजीमेंट की सात, आठ और नौ नंबर की पलटन ने बेजोड़ साहस के साथ लड़ाई लड़ी और आखिर तक जमीन पर अपना कब्जा बनाए रखा। मेजर शैतान सिंह ने अपने व्यक्तिगत सुरक्षा की परवाह किए बिना, वह एक पलटन पोस्ट से, दूसरे पलटन पोस्ट पर अपने सैनिकों के साथ लड़ते रहे। घायल होने के बावजूद उन्हें जब निकाला जा रहा था, तो चीनियों ने उन पर मशीन गन से हमला कर दिया। मेजर शैतान सिंह ने जीवन के लिए खतरा महसूस करते हुए, अपने सैनिकों को उन्हें छोड़कर जाने का आदेश दिया। सैनिकों ने मेजर शैतान सिंह को एक पहाड़ी की ढलान पर एक चट्टान के पीछे रखा, जहां उन्‍होंने अपनी अंतिम सांस ली। मेजर शैतान सिंह को उनके सर्वोच्च साहस, नेतृत्व, कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

*****

 

भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने आज प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए जघन्य आतंकी हमले के दोषियों की पहचान करने, उनका पता लगाने और उन्हें दंडित करने के लिए भारत सरकार की प्रशंसा भी की।

 

*****

 

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींडसा का आज निधन हो गया। वे नवासी वर्ष के थे। वे अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय खेल, रसायन और उर्वरक मंत्री थे।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीर सावरकर की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री मोदी ने कहा कि विदेशी हुकूमत की कठोर से कठोर यातनाएं भी मातृभूमि के प्रति भारत माता के सच्चे सपूत वीर सावरकर जी के समर्पण भाव को डिगा नहीं पाईं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के आंदोलन में वीर सावरकर के अदम्य साहस और संघर्ष की गाथा को कृतज्ञ राष्ट्र कभी भुला नहीं सकता। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला, स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा तथा राज्यसभा के उपाध्यक्ष हरिवंश ने आज संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की।

 

*****

 

भारत ने दक्षिण कोरिया में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 4 गुणा चार सौ मीटर मिक्‍स्‍ड रिले में स्वर्ण पदक जीता। रूपल चौधरी, संतोष कुमार, विशाल टीके और सुभा वेंकटेशन की भारतीय चौकड़ी पहले स्‍थान पर रही। तेजस्विन शंकर ने डेकाथलन में और प्रवीण चित्रावेल ने ट्रिपल जम्‍प में रजत पदक जीता।

 

*****

 

उधर, सिंगापुर ओपन सुपर बैडमिंटन टूर्नामेंट में तीन भारतीय जोडि़यां प्री-क्‍वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं।

 

**********

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • केंद्र ने चौदह खरीफ फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की; किसान क्रेडिट कार्ड ऋणों के लिए डेढ़ प्रतिशत ब्याज सहायता योजना को वर्तमान वित्त वर्ष के लिए बढ़ाया।

  • सरकार ने महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में रेलवे की करीब तीन हजार चार सौ करोड़ रुपये की मल्टीट्रैकिंग परियोजनाओं को भी मंजूरी दी।

  • सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल वैश्विक स्तर पर पाकिस्तान के सीमा पार आतंकवाद को उजागर कर रहा है। इंडोनेशिया, ग्रीस और अन्य देशों ने आतंकवाद को कतई बदार्श्‍त नहीं करने की भारत की नीति का समर्थन किया।

  • मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर क्षेत्र, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में कल मूसलाधार वर्षा की संभावना व्‍यक्‍त की।

  • भारत ने दक्षिण कोरिया में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 4 गुणा चार सौ मीटर मिक्‍स्‍ड रिले में स्वर्ण पदक जीता।

 

*****