मुख्य समाचार :-
- राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए ने चंडीगढ़ ग्रेनेड हमला मामले में खालिस्तान के चार आतंकवादियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया।
- सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी आर गवई ने कहा है कि मणिपुर में सामान्य स्थिति संवाद और एकता से बहाल की जा सकती है।
- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 22 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया।
- रूस और यूक्रेन के बीच आंशिक युद्ध विराम पर चर्चा के लिए अमरीका और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के साथ सऊदी अरब में वार्ता होगी।
- अमरीका ने अफगानिस्तान के साथ प्रगतिशील द्विपक्षीय संबंध स्थापित करने के संकेत के रूप में गृह मंत्री सिराजुद्दीन हक्कानी सहित तालिबान के तीन अधिकारियों पर घोषित ईनामी राशि हटायी।
- भारत ने इंग्लैंड को हराकर महिला कबड्डी विश्व कप का खिताब जीता। पुरूषों का फाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच जारी।
****
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण- एनआईए ने सितम्बर 2024 में चंडीगढ बम हमले के मामले में आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल के चार आतंकवादियों को आरोपी बनाया है। अभिकरण ने एक अधिकारिक बयान में कहा कि आरोपियों में पाकिस्तान स्थित आतंकवादी हरविन्दर सिंह संधु उर्फ रिन्दा और अमरीका स्थित आतंकवादी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पस्सी भी शामिल हैं। आरोप पत्र चंडीगढ की एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया गया है। सभी चार आरोपियों पर गैर-कानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम- यूएपीए, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम तथा हमले में सहयोग करने और साजिश रचने की भूमिका से संबंधित विभिन्न धाराओं के अंतर्गत आरोप लगाए गए हैं। एनआईए ने कहा है कि दो आतंकवादी रिन्दा और हैप्पी पस्सी हमले के मुख्य साजिशकर्ता हैं।
****
सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी आर गवई ने कहा है कि सभी समस्याओं का समाधान संवैधानिक तरीकों से किया जा सकता है। आज इम्फाल में मणिपुर उच्च न्यायालय के 12वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने संवाद की शक्ति पर जोर दिया और कहा कि जब लोग एक साथ होते हैं तो समाधान आसानी से मिल जाता है।
इस बीच, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मणिपुर में शांति प्रक्रिया के बारे कहा कि राज्य की स्थिति में सुधार हो रहा है लेकिन इसमें निरंतर प्रगति की आवश्यकता है।
मणिपुर हाईकोर्ट के 12 साल स्थापित होने पर बधाई देता हूं और मणिपुर में जो शांति की प्रक्रिया चल रही है उसमें और तेजी आए और मणिपुर विकास के रास्ते में आगे बढ़ते हुए भारत को विकसित भारत बनाने में अपना योगदान दें।
****
छत्तीसगढ के बीजापुर जिले में आज 22 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसर्मपण कर दिया। इनमें दो महिला नक्सली हैं। जिले के अपर पुलिस अधीक्षक उलनडोन योर्क ने बताया कि जिन नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है उनमें छह पर 11 लाख रूपये का पुरस्कार था।
इसमें जो भी सदस्य इसके अलावा प्लाटून मेंबर्स तेलंगाना स्टेट कमेंटी मेंबर्स कुल 11 लाख के इनामी नक्सली हैं। नक्सल से मोहभंग पश्चात मुख्यधारा से जुडना और शासन के कल्याणकारी जो कार्य हैं। इसके अलावा लगातार नवीन कैंप की स्थापना और हमारे जो पुलिस बल और सीआरपीएफ के बल है इनके द्वारा इसके प्रयास किये गये हैं।
हमारे संवाददाता ने बताया कि राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के अंतर्गत इन नक्सलियों को 25-25 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।
छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार ने केन्द्र सरकार के साथ मिलकर माओवादियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई छेड़ रखी है। बीते बीस मार्च को छत्तीसगढ़ में हुई दो मुठभेड़ों में तीस माओवादी मारे गए थे। बीते यदि एक साल की बात करें तो छत्तीसगढ़ में तीन सौ अस्सी नक्सली मुठभेड़ में मारे गए हैं। करीब एक हजार सत्तर नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। वहीं, करीब बारह सौ नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में राज्यसभा में दिए अपने वक्तव्य में इस संकल्प को दोहराया है कि अगले एक साल यानी मार्च दो हजार छब्बीस तक देश को नक्सल समस्या से मुक्त कर दिया जाएगा। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।
****
इस बीच, छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों के विस्फोट में केंन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल-सीआरपीएफ के दो जवान घायल हो गए हैं।
****
केंन्द्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और नागर विमानन मंत्री के० राम मोहन नायडु ने आज नई दिल्ली में नौवें जे के टॉयर-सांसद कांस्टिटयूशन क्लब ऑफ इंडिया कार रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में सडक सुरक्षा जागरूकता को प्रोत्साहन देना है। संवाददाताओं से बातचीत में किरेन रिजिजू ने कहा कि सडक सुरक्षा प्रत्येक नागरिक के लिए महत्वपूर्ण है। श्री रिजिजू ने कहा कि विश्व में सबसे अधिक सडक दुर्घटना भारत में होती है।
रोड सेफ्टी हर एक नागरिक के लिए अत्यंत आवश्यकता है। आप सड़क पे जब जाते हैं, तो सड़क में दुर्घटना ना हो उसके लिए कई चीजे हैं, गाड़ी चलाने का, लेने मेंटेन करने का, ड्राइविंग स्किल रूल फॉलो करना किस स्पीड में जाना। दुनिया में सबसे ज्यादा सड़क हादसा हमारा देश में होता है, तो यह चिंता का विषय है।
****
दक्षिण अफ्रीका के फीनिक्स सेटलमेंट ट्रस्ट- गांधी डेवलेपमेंट ट्रस्ट ने आज नई दिल्ली में महात्मा गांधी से संबंधित वस्तुएं और दस्तावेज राष्ट्रीय गांधी संग्रहालय को सौंपे। विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर इस अवसर पर उपस्थित थे।
****
रूस और यूक्रेन के बीच आंशिक युद्ध विराम पर चर्चा के लिए अमरीका और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के साथ कल सऊदी अरब में वार्ता होगी। यह वार्ता ऊर्जा सुविधाओं और नागरिक बुनियादी ढाँचे पर हमला रोकने के बारे में होगी।
इस बीच, यूक्रेन में आज रूस के ड्रोन हमले में सात लोग मारे गये। यूक्रेन के स्थानीय अधिकारियों और आपातकालीन सेवाओं ने बताया है कि रूस ने यूक्रेन में एक सौ 47 ड्रोन हमले किये। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा है कि राजधानी कीव में हुए हमले यूक्रेन की रोज़ाना की घटना है।
****
अमरीका ने अफगानिस्तान के गृहमंत्री सिराजुद्दीन हक्कानी समेत तालिबान के तीन प्रमुख लोगों पर ईनाम की घोषणा की है।
हक्कानी पर आरोप है कि वह पश्चिम समर्थित पूर्व अफगानी सरकार पर हमला करने के नेटवर्क का मुखिया था। अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल मतीन कानी ने आज कहा कि अमरीका सरकार ने अब्दुल अजीज हक्कानी और याह्या हक्कानी पर भी घोषित ईनाम हटा लिए है। अफगानी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी जाकिर जलाली ने कहा कि शुक्रवार को तालिबान द्वारा अमरीकी कैदी जॉर्ज ग्लेज़मैन की रिहाई और अमरीका द्वारा तीन तालिबानी नेताओं पर से ईनाम हटाने से पता चलता है कि दोनों पक्ष द्विपक्षीय समझौते की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान-अमरीका के संबंधों में मौजूदा घटनाक्रम दोनों सरकारो के बीच व्यवहारिक तथा वास्तविक संबंधों का अच्छा उदाहरण है। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
****
लगभग तीन महीने की बिकवाली के बाद विदेशी निवेशकों ने पिछले हफ्ते भारतीय शेयर बाजार से अपनी निकासी को थोडा कम किया, जिससे शेयर बाजारों में उत्साह बना रहा।
वैश्विक चिंताओं के कम होने और रूस-यूक्रेन संघर्ष में संभावित कमी से भी बाजार सकारात्मक था। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इस महीने 21 मार्च तक इक्विटी से एफपीआई की बिकवाली घटकर 31 हजार 719 करोड़ रुपये रह गई, जबकि 13 मार्च तक ये आंकडा 30 हजार 16 करोड़ रुपये का था। एफपीआई ने पिछले पांच कारोबारी सत्रों में से तीन में भारतीय इक्विटी में काफी दिलचस्पी दिखाई, जिसमें शुक्रवार को लगभग 7,500 करोड़ रुपये, बृहस्पतिवार को 3,239 करोड़ रुपये और मंगलवार को छह सौ 96 करोड़ रुपये के उच्चतम स्तर शामिल हैं। इस महीने 21 मार्च तक एफपीआई ने भारत के ऋण बाजारों में 36 हजार 750 करोड़ रुपये डाले। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
****
इंग्लैंड में कबड्डी विश्व कप में भारतीय महिला टीम ने खिताब जीत लिया है। फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 57-34 से हराया। आज ही भारतीय पुरूष टीम फाइनल में इग्लैंड के साथ खेलेगी।
****
खेलो इंडिया पैरा खेलों में आज निशानेबाजी, पावरलिफ्टिंग, तीरंदाजी और एथलेट्क्सि की स्पर्धाओं में खिलाडियों ने दमखम दिखाया।
****
नई दिल्ली में खेलो इंडिया पैरा गेम्स में पावरलिफ्टिंग में पंजाब की जसप्रीत कौर ने 45 किलो भारवर्ग में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 101 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। एथलेटिक्स में जैवलिन थ्रो में ईश्वर रामपाल टाक ने स्वर्ण पदक जीता। निशानेबाजी में सुमेधा पाठक ने 10 मीटर एयर पिस्टल महिला श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता। 10 मीटर एयर राइफल प्रोन मिक्स्ड एसएच1 श्रेणी में सागर बालासाहेब कटले ने स्वर्ण पदक जीता।
****
चेन्नई में आईपीएल-टी-20 क्रिकेट में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मैच में मुंबई इंडियंस ने ताजा समाचार मिलने तक 18 ओवर में सात विकेट पर 120 रन बना लिए हैं। आज चेन्नई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया।
इससे पहले, हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 44 रन से हराया। हैदराबाद के 287 रन के लक्ष्य के जवाब में राजस्थान की टीम छह विकेट पर 242 रन ही बना पाई। ध्रुव जुरेल ने 70 और संजु सेमसन ने 66 रन की पारी खेली। इससे पहले, ईशान किशन के नाबाद 106 रन की बदौलत हैदराबाद ने प्रतियोगिता का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर 286 रन बनाए।
****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, कल रात साढे नौ बजे “क्षय रोग से बचाव और उपचार” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इस चर्चा में केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में उप-महानिदेशक डॉ उर्वशी बी सिंह तथा नई दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में श्वसन चिकित्सा विभाग के अध्यक्ष डॉ. रोहित कुमार शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान श्रोता हमारे विशेषज्ञों से क्षय रोग की पहचान करने और समय पर उसका निदान और उपचार को लेकर सवाल पूछ सकते हैं। हमारे टेलीफोन नंबर 0 1 1 – 2 3 4 2 1 0 5 0 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4 पर भी प्रश्न पूछे जा सकते हैं।
****
मौसम विभाग ने केरल, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों के दौरान गुजरात के अलग-अलग स्थानों पर उमस भरी गर्मी के बनी रहने की संभावना है। अगले 4 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। इसके अलावा मौसम विभाग का कहना है कि देश के मध्य भाग और महाराष्ट्र में आने वाले 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान है, प्रिया मोंडल आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए ने चंडीगढ़ ग्रेनेड हमला मामले में चार खालिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया।
- सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी. आर. गवई ने कहा है कि मणिपुर में सामान्य स्थिति संवाद और एकता से बहाल की जा सकती है।
- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 22 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया।
- रूस और यूक्रेन के बीच आंशिक युद्ध विराम पर चर्चा के लिए अमरीका और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के साथ सऊदी अरब में वार्ता होगी।
- अमरीका ने अफगानिस्तान के साथ प्रगतिशील द्विपक्षीय संबंध स्थापित करने के संकेत के रूप में गृह मंत्री सिराजुद्दीन हक्कानी सहित तालिबान के तीन अधिकारियों पर घोषित ईनामी राशि हटायी।
- भारत ने इंग्लैंड को हराकर महिला कबड्डी विश्व कप का खिताब जीता। भारतीय पुरूष टीम फाइनल में इंग्लैंड से खेलेगी।
****