मुख्य समाचार :-
- संसद का बजट सत्र कल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामण आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी।
- सरकार ने सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक में संसद का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी दलों से सहयोग मांगा।
- दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर, राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने कई रैलियां और रोड शो किए।
- इस्रायल और फलस्तीन के बीच संषर्घ विराम समझौते के अंतर्गत कैदियों की रिहाई के तीसरे दौर में अराजकता के बीच गजा में और बंधकों को रिहा किया गया। अराजक हस्तांतरण के बाद इस्रायल ने फलस्तीनी कैदियों की रिहाई को लंबित रखा।
- किदाम्बी श्रीकांत तथा शंकर सुब्रमण्यम थाईलैंड मास्टर्स बैडमिंटन के पुरुष सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
———-
संसद का बजट सत्र कल से शुरू होगा। सत्र की शुरुआत संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के संबोधन से होगी।
राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। वित्त मंत्री शनिवार को केंद्रीय बजट-2025-26 पेश करेंगी। लोकसभा और राज्यसभा सोमवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू करेंगी। वित्त विधेयक 2025, वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024, बैंकिंग कानून संशोधन विधेक और रेलवे (संशोधन) विधेयक, सहित 16 विधेयक चर्चा के लिए लाए जाएंगे। कल से शुरू होने वाला बजट सत्र का पहला भाग अगले महीने की 13 तारीख तक जारी रहेगा। बजट सत्र का दूसरा चरण 10 मार्च से 4 अप्रैल तक चलेगा। अनुपम मिश्रा, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
———-
संसद के बजट सत्र से पहले आज सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। बैठक के दौरान सरकार ने सत्र के सुचारू संचालन के लिए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की। मीडिया से बातचीत में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी।
साल का पहला पार्लियामेंट सेसन है तो इसका शुरूआत देश का महामहिम राष्ट्रपति जी द्वारा सम्बोधित करेंगे। राष्ट्रपति जी का अभिभाषण के बाद कॉन्मिक सर्वे होंगे, 31 जनवरी को, फिर एक फरवरी को 2025 का बजट पेश किया जाएगा।
उन्होनें बताया कि सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के साथ ही बजट पर भी चर्चा होगी, जो 13 फरवरी तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि संसद में पहले से ही 16 विधेयक और 19 संसदीय कार्य सूचीबद्ध हैं।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि उनका दल बेरोजगारी, मुद्रास्फीति और संविधान से संबंधित मुद्दों को सदन में उठाएगा। उन्होंने महाकुंभ में हुई दुर्घटना पर शोक जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि संयुक्त संसदीय समिति ने वक्फ संशोधन विधेयक को संसद द्वारा पारित किए जाने का निर्णय जल्दबाजी में लिया है। समाजवादी पार्टी सांसद रामगोपाल यादव ने भी ऐसा ही विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सर्वदलीय बैठक में मुद्रास्फीति, बेरोजगारी और महाकुंभ दुर्घटना जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। वक्फ संशोधन विधेयक की रिपोर्ट लोकसभा अध्यक्ष को सौंपे जाने के बारे में उन्होंने आरोप लगाया कि ये रिपोर्ट समिति की नहीं है बल्कि एक पार्टी की रिपोर्ट है। बैठक में लोकसभा में सदन के उपनेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यसभा में सदन के नेता और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, कांग्रेस सांसद जयराम रमेश और गौरव गोगोई, टीएमसी सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय, समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव, बीजू जनता दल के सस्मित पात्रा और डी एम के सदस्य टी आर बालू सहित कई अन्य सदस्य मौजूद थे।
———-
संसद का बजट-सत्र कल से शुरू हो रहा है। सत्र की पूर्व संध्या पर आज आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग संसद के समक्ष मुद्दे और इश्यूज बिफोर पार्लियामेंट विषय पर विशेष चर्चा प्रसारित करेगा। कार्यक्रम संसद के समक्ष मुद्दे 100 दशमलव एक मेगाहर्ट्ज आकाशवाणी गोल्ड और अतिरिक्त मीटरों पर आज रात साढे नौ बजे से सुना जा सकता है। कार्यक्रम इश्यूज बिफोर पार्लियामेंट अंग्रेजी में 102 दशमलव छह मेगाहर्ट्ज आकाशवाणी रेनबो और अतिरिक्त मीटरों पर इसी समय रात साढे नौ बजे से सुना जा सकेगा।
———–
वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन पहली फरवरी को संसद में वित्त वर्ष 2025-26 का केन्द्रीय बजट पेश करेंगी। स्वास्थ्य देखरेख के क्षेत्र में कार्यरत फार्माकोविजिलेंस वैज्ञानिक, डॉ0 मयंक वीरमानी ने आगामी केन्द्रीय बजट की विभिन्न संभावनाओं के बारे में आकाशवाणी समाचार से बात की। उन्होंने कहा कि सरकार को स्वास्थ्य देखरेख योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करनी चाहिए, ताकि इन योजनाओं से लोग लाभान्वित हो सकें।
जैसा की हम देख रहे हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था बहुत मजबूत है। बट उसकी जो पॉलिशिस हैं, नीति है, तो ग्राउंड लेवल पर इतने अच्छे से इम्प्लीमेंटेशन नहीं हो रहा है, तो मैं भारत सरकार को इस चीज के लिए अनुग्रह करना चाहूंगा कि कृपया करके उसको अच्छा किया जाए। उसमें सुधार किया जाए, जिससे की युवाओं का भी साथ बना रहे। युवाओं को तरक्की मिले और हमारा स्वास्थ्य विभाग जो है वह सुधार की राह पर चले।
———–
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात में तीन नए आपराधिक कानूनों को लागू करने को लेकर आज नई दिल्ली में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान गुजरात में पुलिस, जेल, अदालतों, अभियोजन और फोरेंसिक से संबंधित नए प्रावधानों के कार्यान्वयन और वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद थे।
गृहमंत्री ने कहा कि नए कानूनों में प्राथमिकी दर्ज करने के तीन साल के भीतर न्याय दिलाने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार को इस वर्ष 30 अप्रैल तक सभी आयुक्त कार्यालयों और अन्य विभागों में नए आपराधिक कानून लागू सुनिश्चित करना चाहिए।
———–
राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के श्रम मंत्रियों और सचिवों की राष्ट्रीय स्तर की दो दिवसीय बैठक आज नई दिल्ली में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता श्रम और रोजगार मंत्री डॉ0 मनसुख मांडविया ने की। डॉ0 मांडविया ने कहा कि उनका मंत्रालय संगठित और असंगठित कार्मिकों के कल्याण के लिए राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आवास और निर्माण कार्यों में लगे कर्मियों के साथ साथ गिग और प्लेटफॉर्म कर्मियों का कल्याण सरकार की उच्च प्राथमिकता है।
———–
सरकार ने घोषणा की है कि भारत बहुत जल्द किफायती और देश में ही निर्मित आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस-एआई मॉडल लॉच करेगा। आज नई दिल्ली में मीडिया को यह जानकारी देते हुए केन्द्रीय इलैक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि विश्व में इस प्रकार के मॉडल के एक घंटे इस्तेमाल पर ढाई से तीन डॉलर का खर्च आता है, जबकि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के भारतीय मॉडल के एक घंटे के इस्तेमाल का खर्च 40 प्रतिशत सरकारी सब्सिडी के बाद 100 रुपये प्रति घंटे होगा। उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि आकर्षक अर्धवार्षिक और वार्षिक योजनाएं इसे और अधिक किफायती बनाएंगी।
———–
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए होने वाले चुनाव का प्रचार जोरों पर है। प्रमुख राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता बैठकें, रोड शो और रैलियां कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज रोहिणी और वजीरपुर में जनसभाएं की। रोहिणी में जनसभा को संबोधित करते हुए श्री शाह ने वायदा किया कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो महिलाओं को ढाई-ढाई हजार रूपये दिये जाएंगे। उन्होंने केजरीवाल से शहर में साफ-सफाई की स्थिति पर सवाल खड़ा किया।
दस साल तक केजरीवाल जी ने पूरी दिल्ली को एक प्रकार से कूडेदान में तब्दील कर दिया। केजरीवाल जी आपने यमुना को प्रदूषित कर–कर प्रदूषित पानी पीने के लिए दिल्ली को मजबूर किया है।
इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने भी यमुना नदी में प्रदूषण सहित अन्य मुद्दों पर केजरीवाल की आलोचना की। बादली क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए श्री गांधी ने अरविन्द केजरीवाल पर आरोप लगाया कि वे अपने कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं।
केजरीवाल जी सोचते हैं देश नहीं जानता है। मगर सचाई यह है कि केजरीवाल जी और सिसोदिया जी ने दिल्ली में भ्रष्टाचार किया है। यह सच्चाई है झूठे वायदे किये।
उधर, आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी की हार सुनिश्चित करने के लिए भाजपा के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कांग्रेस पार्टी को वोट न देने का आग्रह किया।
कांग्रेस दिल्ली में एक भी सीट जीतने के लिए नहीं लड रही है। केवल आम आदमी पार्टी को हराने के लिए बीजेपी के साथ मिलके लड रही है। मेरी सभी कांग्रेस के सपोर्ट से अपील है कि यदि वे कांग्रेस को वोट करते हैं तो वे एक तरह से बीजेपी को फायदा पहुंचा रहे हैं।
———–
आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने यमुना नदी के पानी में जहर मिलाने से संबंधित मामले में निर्वाचन आयोग द्वारा साक्ष्य मांगे जाने पर सवाल खड़ा किया है। आयोग ने अरविंद केजरीवाल से इस आरोप के पक्ष में साक्ष्य पेश करने को कहा है। श्री केजरीवाल ने आज दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वह चुनाव आयोग को अमोनिया युक्त यमुना के पानी की तीन बोतलें भेजेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में खुलेआम पैसे बांटे जा रहे हैं और चुनाव आयोग को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।
———–
गजा क्षेत्र में फलस्तीनी गुटों और इस्राइल के बीच संघर्ष विराम के अंतर्गत कैदियों की रिहाई के तीसरे दौर में आज गजा में आठ और कैदियों को रिहा किया गया। इनमें तीन इस्राइल के और पांच थाईलैण्ड के नागरिक हैं। इस बीच, एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस्राइल के प्रधानमंत्री ने खान यूनिस मे कैदियों को रिहा किए जाने के तौर तरीकों की आलोचना की है। इस बीच, इस्राइली अधिकारियों ने समझौते के तहत 110 फलस्तीनी कैदियों की रिहाई में देरी करने की बात कही है।
———
खबरे महाकुम्भ से–
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने महाकुंभ में संगम घाट का दौरा किया और घटना स्थल का निरीक्षण किया, जिसमें कल 30 लोगों की जान चली गई थी। उन्होंने स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल का भी दौरा किया जहां घायलों को भर्ती किया गया है। यह दुर्घटना कल संगम के पास अखाड़ा मार्ग पर हुई।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग कल प्रयागराज पहुंचेगी और संगम घाट पर बुधवार को हुई घटना की गहराई से जांच करेगी। इसके अलावा आयोग सरकार को यह सुझाव भी देगी कि भविष्य में इस तरह की घटना न हो। मीडिया से बात करते हुए जांच आयोग के अध्यक्ष सेवा निवृत्त जज हर्ष कुमार ने कहा कि आयोग पूरे मामले की जांच करेगी और सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
आप लोगों के सामने प्रारंभ हो गया। वहां परीक्षण करेंगे। वहां की परिस्थितियों को कारणों को अध्ययन करेंगे। बाद में समीक्षा करेंगे की ऐसी पुर्नावृत्ति आगे न हो पाए।
3 फरवरी को वसंत पंचमी पर होने वाले अमृत स्नान के लिए मेला क्षेत्र में नो–व्हीकल जोन रहेगा और किसी भी तरह का वीआईपी प्रोटोकॉल नहीं होगा। मीडिया से बात करते हुए महाकुंभ के डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा कि श्रद्धालुओं की भारी संख्या को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है।
देखिए जो आगामी बसंत पंचमी का मुख्य स्नान पर्व है। उसके लिए हम लोग तैयारियां कर रहे हैं और अगेन हमारा जो पूरा पिलग्रिम मुवमेंट है उसकी तैयारी कर रहे हैं और उसी के विषय में ड्यूटीज़ को और एक्टेंशन किया जा रहा है।
अब तक 29 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके हैं। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।
———-
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आज दिल्ली के राष्ट्रीय रंगशाला शिविर में इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड के सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दस्तों और झांकियों को पुरस्कार प्रदान किए।
संजय सेठ ने केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग की झांकी और सांस्कृतिक प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया। वहीं, ट्रैक्टर कंपनियों के प्रतिनिधियों को छह स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए गए। सेवाओं में जम्मू और कश्मीर राइफल्स दल ने सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल का पुरस्कार जीता है। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में दिल्ली पुलिस की मार्चिंग टुकडी को सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार दिया गया। वहीं, राज्यों में उत्तर प्रदेश, त्रिपुरा और आंध्र प्रदेश की झांकियां शीर्ष तीन में रही। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मार्चिंग दस्तों और झांकियों के प्रदर्शन का आकलन न्यायाधीशों की तीन सदस्यीय टीम ने किया था। सुपर्णा सैकिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची प्रिया।
———
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महात्मा गांधी की 77वीं पुण्यतिथि पर नई दिल्ली के गांधी स्मृति पर आज शाम हुई सर्वधर्म प्रार्थना सभा में भाग लिया।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 1948 में आज ही के दिन बिरला हाउस में हत्या कर दी गई थी। इससे पहले प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उनके आदर्श भारत को एक विकसित देश बनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
———-
किदाम्बी श्रीकांत और एस सुब्रमण्यन थाईलैंड मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्स क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए हैं। महिला वर्ग में रक्षिता श्री संतोष रामराज ने भी अंतिम आठ में प्रवेश किया।
———-
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- संसद का बजट सत्र कल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामण आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी।
- सरकार ने सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक में संसद का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी दलों से सहयोग मांगा।
- दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर, राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने कई रैलियां और रोड शो किए।
- इस्रायल और फलस्तीन के बीच संषर्घ विराम समझौते के तहत तीसरे दौर की अदला बदली में और बंधक रिहा। अराजकता के बीच इस्रायल ने कैदियों की रिहाई टाली।
- किदाम्बी श्रीकांत तथा शंकर सुब्रमण्यम थाईलैंड मास्टर्स बैडमिंटन के पुरुष सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।