मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अबूजा में नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू के साथ बातचीत की, उन्होंने कहा-भारत, नाइजीरिया के साथ रणनीतिक साझेदारी को देता है उच्च प्राथमिकता।
- नाइजीरिया ने प्रधानमंत्री मोदी को ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर पुरस्कार से सम्मानित किया।
- गृह मंत्री अमित शाह ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मणिपुर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।
- झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए सिर्फ एक दिन शेष; राजनीतिक दल कर रहे हैं मतदाताओं को लुभाने का हरसंभव प्रयास।
- दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता लगातार पांचवें दिन गंभीर श्रेणी में; मौसम विभाग ने अगले दो दिन क्षेत्र में हल्का कोहरा रहने की संभावना व्यक्त की।
- महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में, भारत ने बिहार के राजगीर में अंतिम ग्रुप-स्टेज मैच में जापान को तीन-शून्य से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
—-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू ने आज अबूजा में बातचीत की। दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच कार्यनीतिक भागीदारी की समीक्षा की और आपसी संबंधों को बेहतर बनाने पर चर्चा की। दोनों पक्षों के बीच शिष्टमंडल स्तर की वार्ता भी हुई।
प्रधानमंत्री ने इन चर्चाओं को रचनात्मक बताया। श्री मोदी ने कहा कि भारत नाइजीरिया के साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देता है।
नाइजीरिया के साथ अपने स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को हम उच्च प्राथमिकता देते हैं। रक्षा, ऊर्जा, आर्थिक विषय, टेक्नोलॉजी इन एजुकेशन कल्चर जैसे कई क्षेत्र ऐसे हैं, हमारा सहयोग मजबूत है और अनेक नई संभावनाएं भी हमारे इन संबंधों में जुड़ी हुई है। आतंकवाद, अलगाववाद पायरेसी या ड्रग तस्करी जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए हम मिलकर काम करते रहे हैं और, और मजबूती से आगे भी हम करते रहेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 17 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली नाइजीरिया यात्रा है। उन्होंने कहा कि भारत, नाइजीरिया के बाढ़ग्रस्त इलाकों में राहत के लिए मानवीय सहायता के तौर पर बीस टन सामग्री भेजेगा।
पिछले महीने नाइजीरिया में फ्लड्स में हुई जानहानि के लिए मैं 140 करोड़ भारतवासियों की तरफ से और मेरी तरफ से संवेदनाए प्रकट करता हूं। आपके राहत कार्यों के समर्थन में भारत ट्वेंटी टन मानवीय सहायता भेज रहा है।
श्री मोदी ने नाइजीरिया को ब्रिक्स का भागीदार देश बनने पर बधाई दी। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत और नाइजीरिया ग्लोबल साउथ के मुद्दों को विश्व मंच पर उठाते रहेंगे।
वार्ता के बाद दोनों पक्षों के बीच तीन सहमति-पत्रों पर हस्ताक्षर किए गए। ये समझौते सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सीमा शुल्क सहयोग और सर्वेक्षण सहयोग से संबंधित हैं।
प्रधानमंत्री को ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर से सम्मानित किया गया। श्री मोदी ने इस सम्मान को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हुए कहा कि यह सिर्फ उनका ही नहीं, बल्कि भारत की जनता का भी सम्मान है।
मैं इस सम्मान को विनम्रता और आदर भाव से स्वीकार करता हूं और इस सम्मान को 140 करोड़ भारतवासियों और भारत गहरी मित्रता को समर्पित करता हूं। हमें भारत और नाइजीरिया के बीच स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
श्री मोदी ने कहा कि अफ्रीकी देशों के साथ घनिष्ठ सहयोग भारत की उच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अफ्रीका में नाइजीरिया की महत्वपूर्ण और सकारात्मक भूमिका रही है।
—-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि नाइजीरिया की अर्थव्यवस्था में भारतवंशियों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने नाइजीरिया में अबूजा में भारतीय समुदाय से कहा कि नाइजीरिया में रह रहे प्रत्येक भारतवंशी ने भारत को गर्वित किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियां नाइजीरिया की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है।
श्री मोदी ने कहा कि भारतीयों ने नाइजीरिया में योग को लोकप्रिय बनाया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हिन्दी भाषा को लोकप्रिय बनाने के भारतीय समुदाय के प्रयासों के कारण अब नाइजीरियाई छात्र हिन्दी सीख रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत का रक्षा निर्यात लगभग तीस गुना बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि अब भारत सौ से अधिक देशों को रक्षा उपकरणों का निर्यात करता है।
प्रधानमंत्री मोदी आज नाइजीरिया से ब्राजील के लिए रवाना होंगे। वहां की दो दिन की यात्रा के दौरान वे जी-20 शिखर बैठक में शामिल होंगे। इस शिखर बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी विभिन्न वैश्विक मुद्दों के बारे में भारत का दृष्टिकोण रखेंगे। इस दौरान, श्री मोदी की कई नेताओं से मुलाकात की भी संभावना है।
अपनी यात्रा के तीसरे और अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 19 से 21 नवम्बर तक गयाना की यात्रा पर रहेंगे।
—-
गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मणिपुर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। सूत्रों के अनुसार श्री शाह कल इस मुद्दे पर विस्तृत बैठक करेंगे।
गृह मंत्रालय ने कल बताया था कि मणिपुर में सुरक्षा बलों को शांति बहाली के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।
गृह मंत्रालय ने बताया है कि दोनों समुदायों के बीच उपद्रवी हिंसा में कई लोगों की मृत्यु हुई और सार्वजनिक व्यवस्था बाधित हुई। मंत्रालय ने कहा है कि हिंसक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
—-
असम के कछार जिले में बराक नदी से आज एक महिला का शव बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, यह शव सोमवार को कुकी चरमपंथियों द्वारा अगवा किए गए छह लोगों में से एक का हो सकता है। इससे पहले, तीन बंधकों के शव जीरिबाम की बोरोबेकरा तहसील से बरामद हुए थे, जिसके बाद मणिपुर के सभी घाटी जिलों में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए।
इस बीच, राज्य के गृह विभाग ने जीरिबाम और फेरज़ॉल जिलों में इंटरनेट और डेटा सेवाएं दो दिन के लिए बंद कर दी हैं। यह कदम सोशल मीडिया पर अफवाहों और राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों को रोकने के लिए उठाया गया है।
—-
मणिपुर में नेशनल पीपुल्स पार्टी ने बिरेन सिंह सरकार से समर्थन वापस ले लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कोनराड संगमा ने भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को इसकी जानकारी दे दी है।
मणिपुर विधानसभा में नेशनल पीपुल्स पार्टी के सात और भारतीय जनता पार्टी के 32 विधायक हैं। फिलहाल राज्य की बिरेन सिंह सरकार को एनपीएफ, जनता दल यूनाइटेड और निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त है।
श्री संगमा ने अपने पत्र में राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति का हवाला देते हुए कहा है कि बिरेन सिंह सरकार मौजूदा संकट का समाधान करने और सामान्य स्थिति बहाल करने में नाकाम रही है।
—-
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए अब केवल एक दिन शेष हैं। सभी राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं।
—-
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार कल शाम समाप्त हो जाएगा। सभी राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने गोमिया, सिंदरी और नाला में चुनाव सभाओं में मुख्यमंत्री हेमत सोरेन पर भ्रष्टाचार और कुशासन का आरोप लगाया। श्री नड्डा ने हेमंत सोरेन पर झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठियों को शरण देने का भी आरोप लगाया।
ये इंटेलिजेंस की रिपोर्ट इसमें लिखा गया है कि बांग्लादेश के घुसपैठिए आते हैं, उनके लिए आधार कार्ड बनता है, उनका वोटर आईडी बनता है, उनको गैस का कनेक्शन दिया जाता है, उनको राशन कार्ड बनता है और फिर उनको जमीन दिलाने का काम हेमंत सोरेन की सरकार करती है।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा उन्हें निशाना बना रही है। उन्होंने गिरिडीह, जामा और जामताड़ा में रैलियों में कहा कि भाजपा लोगों का ध्यान मुख्य मुद्दों से भटका रही है।
और आज घुसपैठिए की बात है तो ये बताए ना कहा पर हैं लोग। आंकड़ा दे ना, डाटा दे ना, जमीन हड़प रहे हैं, फलना कर रहे हैं, डिम्का कर रहे हैं। शादी कर रहे हैं, ब्याह कर रहे हैं तरह-तरह के आरोप लगाते हैं। तो ये ऐसे चीजों को खुरेदते हैं जिसमें सम्प्रदायिक सौहार्द बिगड़े और इनकी रोटी वहीं पकती है जहां साम्प्रदायिक तनाव बना रहे।
कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन और वामपंथी दलों के नेताओं ने भी झारखंड के कई क्षेत्रो में रैलियां और रोड शो किए। झारखंड में दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 20 नवंबर को और मतगणना 23 नवम्बर को होगी।
—-
महाराष्ट्र में आज विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों और नेताओं ने मतदाताओं को लुभाने के लिए सार्वजनिक बैठकें, रोड शो और रैलियां कीं। 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार कल शाम 5 बजे बंद हो जाएगा।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव प्रचार में विभिन्न राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक जोरदार प्रचार कर रहे है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और शिवराज सिंह चौहान, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, बीएसपी की अध्यक्ष मायावती सहित अन्य नेताओं ने आज विभिन्न जगहों पर चुनाव प्रचार में भाग लिया। धुले में एक रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र में डबल इंजन की सरकार राज्य को सर्वांगीण विकास की दिशा में ले जा रही है। प्रियंका गांधी ने नागपुर के महाल क्षेत्र में रोड शो किया। इससे पहले, गढ़चिरोली में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आरक्षण की सीमा 50 प्रतिशत से ऊपर ना बढ़ाने और जाति जनगणना को मंजूरी न देने का आरोप लगाया। भाजपा के स्टार प्रचारक केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आज अहिल्यानगर में प्रचार किया। कुणाल शिंदे के साथ, अंकिता आप्टे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
—-
दिल्ली के परिवहन मंत्री और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता कैलाश गहलोत ने आज आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। श्री गहलोत ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नाम लिखे अपने इस्तीफा पत्र में सरकार द्वारा जनता से किये गये वादों को पूरा ना करने का आरोप लगाया है।
—-
दिल्ली भाजपा के नेता और पूर्व विधायक अनिल झा भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर आज आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने श्री झा को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाई।
—-
दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता का स्तर बेहद गंभीर श्रेणी में बना हुआ है। आज शाम 5 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक –एक्यूआई 447 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के अन्य इलाकों में भी ए.क्यू.आई. का स्तर साढ़े चार सौ के पार दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अगले दो दिन सुबह और शाम के दौरान धुंध और हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। एक रिपोर्ट –
दिल्ली एनसीआर में हवा की गुणवत्ता लगातार खराब होती जा रही है। राष्ट्रीय राजधानी में सुबह और रात के समय कोहरे की परत छाई हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार शहर के प्रमुख इलाकों में एक्यूआई का स्तर 450 से अधिक हो गया है। सीपीबीसी के मुताबिक आज बवाना में एक्यूआई का स्तर 476, आईजीआई एयरपोर्ट पर 467 विवेक विहार में 457 नेहरू नगर में 453 और आईटीओ इलाके 449 और मंदिर मार्ग पर 444 दर्ज किया गया है। गंभीर वायु गुणवत्ता के कारण शहर के लोगों को सांस संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। रहीसुद्दीन रिहान के साथ सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
—-
दिल्ली और इसके आस पास के इलाकों में लगातार खराब हो रही वायु गुणवत्ता के मद्देनज़र वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली एनसीआर में कल सुबह 8 बजे से ग्रेप 4 लागू करने का निर्णय लिया है।
—-
बिहार में महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी में भारत ने अंतिम ग्रुप-स्टेज मैच में जापान को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। भारतीय टीम लगातार पांचवीं जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रही। चीन दूसरे, मलेशिया तीसरे और जापान चौथे स्थान पर रहा।
मंगलवार को सेमीफाइनल में भारत का समना जापान से और चीन का मुकाबला मलेशिया से होगा। फाइनल मुकाबला बुधवार को खेला जायेगा।
—-
उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट आज रात सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों के साथ विधि- विधान से शीतकाल के लिए बंद हो जायेंगे।
—-
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग हिन्दी और अंग्रेजी में फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, कल रात साढ़े नौ बजे “डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र” पर चर्चा प्रसारित करेगा। पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव ध्रुबज्योति सेनगुप्ता इस चर्चा में भाग लेंगे।
—-
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अबूजा में नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू के साथ बातचीत की; उन्होंने कहा-भारत, नाइजीरिया के साथ रणनीतिक साझेदारी को देता है उच्च प्राथमिकता।
- नाइजीरिया ने प्रधानमंत्री मोदी को ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर पुरस्कार से सम्मानित किया।
- गृह मंत्री अमित शाह ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मणिपुर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।
- झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए सिर्फ एक दिन शेष; राजनीतिक दल कर रहे हैं मतदाताओं को लुभाने का हरसंभव प्रयास।
- दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता लगातार पांचवें दिन गंभीर श्रेणी में; मौसम विभाग ने अगले दो दिन क्षेत्र में हल्का कोहरा रहने की संभावना व्यक्त की।
- महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में, भारत ने बिहार के राजगीर में अंतिम ग्रुप-स्टेज मैच में जापान को तीन-शून्य से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
—-