मुख्य समाचार:-
- दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान आज शाम समाप्त हो जाएगा। सभी दल मतदाताओं को लुभाने के लिए अंतिम प्रयास में जुटे।
- वक्फ संशोधन विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति आज अपनी रिपोर्ट लोकसभा में पेश करेगी।
- प्रयागराज में बसंत पंचमी के अवसर पर महाकुंभ का तीसरा अमृत स्नान जारी।
- उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा– देश में लाखों अवैध प्रवासी नहीं रह सकते। युवाओं से राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को बेअसर करने की अपील की।
- शतरंज में, भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञाननंदा ने नीदरलैंड के विज्क आन जी में प्रतिष्ठित टाटा स्टील मास्टर्स 2025 का खिताब जीता।
- पुरुष टी-20 क्रिकेट में, भारत ने मुंबई में खेले गए पांचवें और अंतिम मैच में इंग्लैंड को हराकर सीरीज पर कब्जा किया।
******
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का आज आखिरी दिन है। भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी तथा कांग्रेस के नेता और स्टार प्रचारक मतदाताओं को लुभाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। सभी दलों के नेता शहर भर में रोड शो, घर-घर जाकर चुनाव प्रचार और जन सभाएं कर रहे हैं। कुल 6 सौ 99 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के लिए बुधवार को मतदान होगा और वोटों की गिनती आठ फरवरी को होगी। एक रिपोर्ट…
दिल्ली में भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। राजधानी में 13 हजार 7 सौ 60 मतदान केद्रों पर मतदान होगा। चुनाव आयोग मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कई तरह के मतदाता अनुकूल उपाय कर रहा है। मतदान के अनुभव को सुगम बेहतर और तेज बनाने के लिए क्यू मैनेजमेंट सॉल्यूशन क्यू.एम.एस ऐप लॉन्च किया गया है। मतदान के दिन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 35 हजार से ज्यादा दिल्ली पुलिस के जवान 19 हजार होमगार्ड और 220 सी.ए.पी.एफ कंपनियां तैनात की जाएंगी। सुपर्णा सैकिया के साथ सकलेन अखतर आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
******
वक्फ संशोधन विधेयक, 2024 के लिए गठित संयुक्त संसदीय समिति – जेपीसी की रिपोर्ट आज लोकसभा में पेश की जाएगी। एक रिपोर्ट…
जेपीसी के अध्यक्ष जगदंबिका पाल, भाजपा सांसद संजय जायसवाल के साथ यह रिपोर्ट पेश करेंगे। वे संयुक्त समिति के समक्ष दिए गए साक्ष्यों का रिकॉर्ड भी सदन के पटल पर रखेंगे। यह रिपोर्ट 30 जनवरी, 2025 को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पहले ही सौंपी जा चुकी है। समिति में शामिल विपक्षी सदस्यों ने रिपोर्ट पर अपनी असहमति व्यक्त की है। इससे पहले जेपीसी ने वक्फ विधेयक 1995 में 14 खंडों और धाराओं सहित 25 संशोधन को मंजूरी दी थी। संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होकर 4 अप्रैल तक चलेगा। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
******
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने युवाओं से राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को निष्क्रिय करने की अपील करते हुए कहा कि देश में लाखों अवैध प्रवासी नहीं रह सकते और चुनावी राजनीति को प्रभावित नहीं होने दिया जा सकता।
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने संसद में बार–बार होने वाले व्यवधानों पर चिंता जताई।
राष्ट्रीय राजधानी में कल इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया–आईसीएआई द्वारा आयोजित वर्ल्ड फोरम ऑफ अकाउंटेंट्स सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को अस्तित्व संबंधित चुनौतियों के बारे में चिंतित होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को बेअसर करने की अपील की।
उपराष्ट्रपति ने इस बात पर भी जोर दिया कि आर्थिक राष्ट्रवाद की भावना को आत्मसात करने की जरूरत है, क्योंकि ऐसा दृष्टिकोण भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए लाभकारी होगा।
******
भारतीय अतंरिक्ष अनुसधान संगठन- इसरो ने कहा है कि एनवीएस-02 अंतरिक्ष यान पर लगे थ्रस्टर्स के नाकाम रहने से उपग्रह को वांछित कक्षा में स्थापित करने के प्रयासों को झटका लगा है। एक रिपोर्ट…
इस उपग्रह को जीएसएलवी–एमके 2 रॉकेट से श्रीहरिकोटा के अंतरिक्ष केंद्र से 29 जनवरी को प्रक्षेपित किया गया था। अंतरिक्ष–आधारित नेविगेशन सिस्टम के लिए महत्वपूर्ण यह उपग्रह इसरो का 100वां प्रक्षेपण था। यह उपग्रह एक अण्डाकार भू–समकालिक स्थानांतरण कक्षा–जीटीओ में पृथ्वी की परिक्रमा कर रहा है, जो नेविगेशन प्रणाली के लिए उपयुक्त नहीं है। जीएसएलवी रॉकेट द्वारा उपग्रह को कक्ष में स्थापित करने के बाद, इस पर लगे सौर पैनल सफलतापूर्वक तैनात किए गए, लेकिन बिजली उत्पादन नाम मात्र रहा। इसरो ने कहा है कि ग्राउंड स्टेशन के साथ संचार स्थापित हो गया है। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
******
खबरें महाकुंभ से –
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बसंत पंचमी के अवसर पर महाकुंभ का तीसरा अमृत स्नान जारी है। यह स्नान महाकुंभ मेले का सबसे महत्वपूर्ण और पवित्र अनुष्ठान है। इससे पहले दो अमृत स्नान 14 जनवरी मकर संक्रांति और 29 जनवरी मौनी अमावस्या को हुए थे।
उत्तर प्रदेश सरकार ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है और महाकुंभ के मेला क्षेत्र को नो-व्हीकल और नो वीआईपी जोन घोषित किया है। विश्व के सबसे बड़े धार्मिक समागम के रूप में पहचाने जाने वाले महाकुंभ मेले की शुरुआत 13 जनवरी को हुई और अब तक 35 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं।
******
इस बीच महाकुंभ से जुड़ी एक याचिका पर आज सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई होगी। इसमें महाकुंभ में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष दिशा-निर्देश और नियम लागू करने की मांग की गई है। महाकुंभ में पिछले सप्ताह बुधवार को हुई भगदड़ में 30 लोग मारे गए थे और 60 घायल हो गए थे।
******
जम्मू और कश्मीर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान- एम्स, नई दिल्ली के विशेषज्ञों की छह सदस्यीय टीम ने कल राजौरी जिले के बधाल गांव का दौरा किया। इस टीम में संस्था के निदेशक- प्रोफेसर (डॉ) एम श्रीनिवास के नेतृत्व में विष विज्ञान के कई विशेषज्ञ शामिल हैं। टीम ने बधाल गांव में सीलबंद घरों और उस क्षेत्र के आसपास से भोजन तथा पानी के नमूने एकत्र किए। इस गांव में रहस्यमय बीमारी से 17 लोगों की मौत हो गई है।
******
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में आज रात साढे नौ बजे “कैंसर जागरूकता: रोकथाम, प्रारंभिक जांच और उपचार” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। डॉक्टर डोडुल मण्डल, कैंसर रोग विशेषज्ञ परिचर्चा के लिये स्टूडियो में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान आमंत्रित विशेषज्ञ से कैंसर के कारण, रोकथाम, प्रारंभिक जांच और उपचार के बारे में प्रश्न पूछे जा सकते हैं।
श्रोता टेलीफोन नंबर 011-23 42 10 50 और 011-23 31 44 44 पर प्रश्न पूछ सकते हैं।वाट्सऐप नंबर 92-89-09-40-44 पर तथा हैशटैग आस्क ए.आई.आर. के साथ सोशल मीडिया साइट एक्स पर भी सवाल पोस्ट किये जा सकते हैं।
******
अब खेल खबरों के साथ चन्द्रेशखर शर्मा –
भारत ने टी-20 क्रिकेट में कल रात श्रृंखला के पांचवें और अंतिम मैच में इंग्लैंड को 150 रन से हरा कर पांच मैचों की श्रृंखला 4-1 से जीत ली। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत के 248 रनों के लक्ष्य के जवाब में इंग्लैंड की टीम 10 ओवर और तीन गेंद में 97 रन ही बना पाई। अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ़ द मैच और वरुण चक्रवर्ती को प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़ घोषित किया गया। शतरंज में भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञाननंदा ने नीदरलैंड्स के विज्क आन ज़ी में कल रात रोमांचक टाईब्रेकर में मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश को हराकर प्रतिष्ठित टाटा स्टील मास्टर्स 2025 का खिताब जीत लिया। टेबल टेनिस में, 2025 डब्ल्यूटीटी सिंगापुर स्मैश में भारत का अभियान आज महिला सिंगल्स राउंड 64 में कई महत्वपूर्ण मैचों के साथ जारी रहेगा। श्रीजा अकुला का मुकाबला चीन की हे झुओजिया और मनिका बत्रा का सामना रोमानिया की एलिजाबेथ समारा से होगा। दूसरी ओर यशस्विनी घोरपड़े जापान की मिवा हरिमोतो आमने–सामने होंगी।
******
मौसम विभाग ने बिहार, ओडिशा, असम, मेघालय, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आज सुबह और रात के समय घने कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ने और बिजली कडकने की आशंका व्यक्त की है।
******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– नईम अख़तर।
- दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों द्वारा एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप, बजट पर वित्त मंत्री की प्रतिक्रिया, बसंत पंचमी पर महाकुंभ में अमृत स्नान, ट्रंप की कार्रवाई पर कनाडा की जवाबी कार्रवाई और महिला टी-20 में भारत के लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने की खबरें आज के समाचार पत्रों के सुर्खियां बनी हुई हैं।
दिल्ली में आज चुनाव प्रचार थमने और सभी दलों द्वारा ताकत झोंकने को लेकर दिल्ली में आयेगा विकास का नया बसंत – इस शीर्षक से पंजाब केसरी ने प्रधानमंत्री मोदी के हवाले से लिखा है कि बनेगी भाजपा सरकार, चुनाव से पहले ही झाडू के तिनके बिखर गए। इस खबर पर जनसत्ता की सुर्खी है- एक ओर आप-दा, दूसरी ओर है मोदी की गारंटी।
बजट पर वित्त मंत्री की प्रतिक्रिया पर हिन्दुस्तान लिखता है- नई पुरानी व्यवस्था में एक को चुनने का विकल्प मिलता रहेगा, पुरानी कर व्यवस्था भी जारी रहेगी। वहीं देशबन्धु ने प्रियंका गांधी के बयान को सुर्खी बनाते हुए लिखा है- देश में हर तरफ महंगाई की मार। - बसंत पंचमी पर आज महाकुंभ में अमृत स्नान को लेकर हरिभूमि की सुर्खी है- बसंत पंचमी के लिए संगम घाट पर 28 नए स्ट्रैटेजिक पॉइंट बने। जबकि राष्ट्रीय सहारा की सुर्खी है- महाकुंभनगर में बसंत पंचमी पर उमडा जनसैलाब, महास्नान के लिए मेगा प्लान।
- ट्रंप की कार्रवाई पर कनाडा की जवाबी कार्रवाई को लेकर दैनिक ट्रिब्यून की सुर्खी है- व्यापार युद्ध की आशंका प्रबल, चीन चिंतित जबकि जनसत्ता की सुर्खी है- ट्रंप ने मेक्सिको, कनाडा और चीन पर शुल्क लगाया, उत्तरी अमेरीकी पडोसी देशों ने की जवाबी कार्रवाई।
- महिला टी-20 में भारत के लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने पर नवभारत टाइम्स का शीर्षक है- फिर जीत लिया मैदान, विमिंस अंडर- 19 टी-20 में भारत चैंपियन।
******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान आज शाम समाप्त हो जाएगा। सभी दल मतदाताओं को लुभाने के लिए अंतिम प्रयास में जुटे।
- वक्फ संशोधन विधयेक पर संयुक्त संसदीय समिति आज अपनी रिपोर्ट लोकसभा में पेश करेगी।
- प्रयागराज में बसंत पंचमी के अवसर पर महाकुंभ का तीसरा अमृत स्नान जारी।
- उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा- देश में लाखों अवैध प्रवासी नहीं रह सकते। युवाओं से राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को बेअसर करने की अपील की।
- शतरंज में, भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञाननंदा ने नीदरलैंड के विज्क आन ज़ी में प्रतिष्ठित टाटा स्टील मास्टर्स 2025 का खि़ताब जीता।
- पुरुष टी-20 क्रिकेट में, भारत ने मुंबई में खेले गए पांचवें और अंतिम मैच में इंग्लैंड को हराकर सीरीज पर कब्जा किया।
******