मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो आज नई दिल्ली में वार्ता करेंगे। कई समझौतों पर हस्ताक्षर किये जाएंगे।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आज राष्ट्र को संबोधित करेंगी।
- केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा– भारत में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए विश्वास और प्रतिभा दो सबसे महत्वपूर्ण पहलू।
- देशभर में आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है।
- खेलों में, मलेशिया में, भारतीय ग्रैंड मास्टर इनियन पन्नीरसेल्वम ने जोहोर अंतर्राष्ट्रीय ओपन शतरंज टूर्नामेंट का खिताब जीता।
- क्रिकेट में भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा ट्वेंटी–ट्वेंटी मुकाबला आज चेन्नई में।
*************************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के साथ बातचीत करेंगे। दोनों नेता आपसी संबंधों की व्यापक समीक्षा करेंगे और आपसी महत्व के क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बातचीत के बाद दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो का आज सुबह राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में रश्मि स्वागत किया जाएगा। श्री सुबिआंतो राजघाट में महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उपराष्ट्रपति जगदीश धनकर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। श्री सुबिआंतो शाम को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति कल कर्तव्य पथ पर 76वें में गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। पिछले साल अक्टूबर में पदभार ग्रहण करने के बाद राष्ट्रपति के रूप में श्री प्रबोवो सुबिआंतो की यह पहली भारत यात्रा है। इंडोनेशिया एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी के रूप में भारत की एक्ट ईस्ट नीति और भारत प्रशांत दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण स्तंभ है। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुबिआंतो भारत की चार दिन की यात्रा पर बृहस्पतिवार को नई दिल्ली पहुंचे थे। श्री सुबिआंतो भारत के 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
*************************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करेंगी। यह संबोधन शाम सात बजे से आकाशवाणी के पूरे राष्ट्रीय नेटवर्क पर और दूरदर्शन के सभी चैनलों पर हिंदी तथा अंग्रेजी में प्रसारित किया जाएगा। दूरदर्शन पर हिंदी और अंग्रेजी में संबोधन के बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनलों पर भी इसका प्रसारण किया जाएगा।
आकाशवाणी अपने क्षेत्रीय नेटवर्क पर रात साढे नौ बजे से इसका प्रसारण करेगा।
*************************
आकाशवाणी और दूरदर्शन कल कर्तव्य पथ से 76वें गणतंत्र दिवस परेड की लाइव कवरेज करेगा। इसका प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के पूरे नेटवर्क के साथ-साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म वेव्स पर भी किया जाएगा। कर्तव्य पथ पर तैयारियों की समीक्षा करने के बाद सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू ने आकाशवाणी और दूरदर्शन की टीमों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम का प्रसारण सुनिश्चित करने के लिए सभी एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
प्रसार भारती के सीईओ गौरव द्विवेदी ने कहा कि इस बार हाई-क्वालिटी पिक्चर रेजोल्यूशन सुनिश्चित करने के लिए फोर-के कैमरे लगाए गए हैं, जो पहले से आठ गुना बेहतर है।
*************************
राष्ट्रीय कार्यक्रमों में जन भागीदारी बढ़ाने के सरकार के प्रयासों के अंतर्गत कल नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर 76वां गणतंत्र दिवस परेड़ देखने के लिए लगभग दस हजार विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। आमंत्रित अतिथियों में आपदा मित्र स्वयंसेवक, आशा कार्यकर्ता, किसान उत्पादक संगठनों के किसान, पीएम किसान सम्मान निधि लाभार्थी, माई भारत स्वयंसेवक और अन्य शामिल हैं। आकाशवाणी से बातचीत में आशा कार्यकर्ता मीना ने कहा ऐसे कार्यक्रमों में उनको आमंत्रित किए जाने से उन्हें अधिक मान्यता प्राप्त करने और जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
भारत सरकार का बहुत ज्यादा तहे दिल से शुक्रिया अदा करना चाहूंगी। उन्होंने, हम जिस तबगे से उठकर आते हैं आशा वर्कर बहुत छोटा तबका है जहां कोई हमारी हॉस्पीटल में इतनी पहचान नहीं होती है। वहां भी हमें इतनी इज्जत, मान–सम्मान नहीं मिलता है कि भई आशा हैं, आ रहीं हैं, आप जाओ। लेकिन इससे हमें यह पहचान मिलती है कि अगर इतने बड़े ओहदे पर हमें बुलाया जा रहा है, सम्मानित किया जा रहा है, तो इससे हमारे लिये बहुत बड़ी बात है।
*************************
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी आकाशवाणी का प्रतिष्ठित और चर्चित कार्यक्रम-राष्ट्रीय कवि गोष्ठी का प्रसारण आज रात दस बजे आकाशवाणी के समूचे नेटवर्क पर किया जाएगा। इस गोष्ठी में देश के करीब चार सौ कवि मंच पर एक साथ कविता पाठ करेंगे।
*************************
दिल्ली मेट्रो कल सुबह 3 बजे से सभी लाइनों पर अपनी सेवाएं शुरू करेगी ताकि जनता को गणतंत्र दिवस समारोह देखने के लिए कर्तव्य पथ तक पहुंचने में सुविधा हो।
*************************
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि विश्वास और प्रतिभा दुनिया को भारत की ओर आकर्षित करने के दो सबसे महत्वपूर्ण पहलू हैं। स्विटजरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच पर मीडिया से बातचीत में श्री वैष्णव ने कहा कि दुनिया के सामने तमाम व्यवधानों और समस्याओं के बावजूद भारत एक बहुत ही विश्वसनीय देश के रूप में उभरा है जो बौद्धिक संपदा अधिकारों का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया को यह स्पष्ट रूप से दिखा दिया है कि वह एक ऐसा देश है जो हर परिस्थिति में शांति, सबका विकास और समावेशी वृद्धि में विश्वास करता है। श्री वैष्णव ने कहा कि वैश्विक कंपनियां भारत को लेकर बहुत उत्साहित हैं, मौजूदा कंपनियां विस्तार करने की योजना बना रही हैं और कई नई कंपनियां देश में अपना कारोबार स्थापित करना चाहती हैं।
दावोस में पांच दिवसीय विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक कल समाप्त हो गई।
*************************
विदेश सचिव विक्रम मिसरी कल चीन की दो दिन की यात्रा पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कल नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि श्री मिसरी चीन के विदेश सचिव और उप-मंत्री के साथ बैठक करेंगे। बातचीत में द्विपक्षीय संबंधों के सभी मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।
*************************
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*************************
देशभर में आज 15वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नई दिल्ली में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होंगी। इस अवसर पर केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्त उपस्थित रहेंगे। आयोजन में विभिन्न देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों के प्रतिनिधि तथा प्रमुख भी हिस्सा लेंगे। इस वर्ष मतदाता दिवस का विषय है- ”नथिंग लाइक वोटिंग, आई वोट फोर श्योर”
समारोह के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु, सुचारू रूप से चुनाव संपन्न कराने के लिए राज्य और जिला अधिकारियों को सर्वोत्तम प्रक्रिया पुरस्कार भी प्रदान करेंगी।
*************************
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा है कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस न केवल निर्वाचन आयोग के गठन दिवस मनाने का उत्सव है, बल्कि लोकतंत्र की भावना को सम्मान देने का भी अवसर है।
लोकतंत्र हम सबका है। यह हमारी सांझी विरासत है। जिस पर हर भारतीय मतदाता को घर में पिछले 7 दशकों से हमने मिलकर भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूती से संजोए रखा है। हमारे लिए आपका ट्रस्ट और ट्रांसपेरेंसी सिक्के के वह दो पहलू हैं, जिन्हें हम कभी कंप्रोमाइज नहीं होने देंगे।
*************************
आकाशवाणी समाचार दिल्ली विधानसभा चुनाव से जुड़ी विस्तृत जानकारी आप तक पहुंचाने के लिए एक विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है। इसी कड़ी में आज रोहिणी निर्वाचन क्षेत्र पर एक रिपोर्ट…
उत्तरी दिल्ली में स्थित रोहिणी विधानसभा सीट इस चुनाव की प्रमुख सीटों में से एक है। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता भाजपा के टिकट पर तीसरी बार राजनीतिक अखाड़े में है। वहीं इस सीट से आम आदमी पार्टी ने प्रदीप मित्तल को मैदान में उतारा है। दूसरी ओर सुमेश गुप्ता कांग्रेस की टिकट से दांव आजमायेंगे। लगभग एक लाख 72 हजार मतदाताओं वाली सीट पर स्थानीय निवासियों के बीच साफ–सफाई, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और कचरा डंपिंग जैसे मुद्दे प्रमुखता से चर्चा के केंद्र में है। दिल्ली में मतदान 5 फरवरी को है और मतगणना 8 फरवरी को होगी। आकाशवाणी न्यूज़ के लिए सकलेन अख्तर के साथ आदर्श कुमार।
*************************
खबरें महाकुंभ से–
उत्तर प्रदेश सरकार ने 29 जनवरी को मौनी अमावस्या के अवसर पर महाकुंभ मेले में करीब दस करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद व्यक्त की है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य सरकार यातायात और भीड़ के प्रभावी प्रबंधन के लिए के लिए व्यापक उपाय कर रही है।
मेला प्रशासन ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि श्रद्धालु स्नान के बाद उसी सेक्टर या जोन से वापस लौटे, जिस सेक्टर से वे घाट की ओर पहुंचे हैं। किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं को संगम नोज या अन्य जोन में जाने की इजाजत नहीं होगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस महीने की 27 से 29 तारीख तक जोन के बीच खास कर संगम नोज पर आवाजाही बहुत ही कम रखने का निर्देश दिया गया है। इस बार आसान पहुंच और पवित्र स्नान के लिए 12 किलोमीटर लंबा घाट बनाया गया है। श्रद्धालुओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है कि वे प्रवेश के दौरान निकटतम घाट पर ही स्नान करें। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
*************************
खेल ख़बरों में बात शतरंज की…..
भारत के ग्रैंडमास्टर इनियन पन्नीरसेलवम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया में 9वां जोहोर अंतरराष्ट्रीय ओपन शतरंज टूर्नामेंट जीत लिया है। इनियन ने अंतिम दौर में वियतनाम के ग्रैंडमास्टर न्गुयेन वान हूये को हराया। इनियन पन्नीरसेलवम ने टूर्नामेंट में चार अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स और एक ग्रैन्ड मास्टर को मात दी।
*************************
वहीं, भारत और इंग्लैंड के बीच पांच ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट श्रृंखला का दूसरा मैच आज चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम सात बजे से शुरू होगा।
*************************
उत्तराखंड में उत्तरकाशी जिले में आज तड़के करीब पांच बजकर 48 मिनट पर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। इसमें जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केन्द्र के अनुसार रिक्टर पैमाने पर भूकंप तीव्रता 2 दशमलव चार थी।
*************************
मौसम विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों में शीत लहर का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग के अनुसार, आज पश्चिम बंगाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश, सिक्किम और बिहार में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा।
*************************
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*************************
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– नवीन सक्सेना।
- वक्फ संशोधन विधेयक पर आयोजित संयुक्त संसदीय समिति की बैठक के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर विवाद होने का समाचार आज सभी अखबारों की पहली सुर्खी बनी है। हिंदुस्तान लिखता है – वक्फ विधेयक पर बैठक में हंगामा, दस सांसद निलंबित।
- ट्रंप के नागरिकता आदेश पर अंतरिम रोक, फेडरल कोर्ट का फैसला, पांच सौ 38 अवैध प्रवासी गिरफ्तार। पहले चरण में सैकड़ो को देश से निकाला, राजस्थान पत्रिका की खबर है। देशबन्धु लिखता है – अमरीका में अवैध प्रवासियों पर नकेल कसने का अभियान शुरू, सैकड़ो निर्वासित।
- गणतंत्र दिवस पर किले में तब्दील हुई राजधानी, अर्द्ध सैनिक बलों की 70 कंपनियां, 15 हजार पुलिसकर्मी होंगे तैनात – जनसत्ता की खबर है। पत्र लिखता है – कल तड़के तीन बजे शुरू होंगी दिल्ली मेट्रो की सेवाएं।
- न पेन न पेंसिल, जनरेशन जेड भूल रही लिखने की कला। राजस्थान पत्रिका ने डिजिटल दुनिया का असर शीर्षक से यह खबर प्रकाशित की है। पत्र लिखता है – सोशल मीडिया लोगों को संक्षिप्त और इमोजी भरे संदेशों की ओर धकेल रहा है।
- मशहूर अभिनेत्री ममता कुलकर्णी के प्रयागराज में संगम में आस्था की डुबकी लगाने और गृहस्थ जीवन से सन्यास लेने की घोषणा अधिकतर अखबारों की सुर्खी बनी है। राष्ट्रीय सहारा ने महाकुंभ में किन्नर अखाड़े द्वारा ममता का पिंडदान करने का चित्र प्रकाशित किया है। पत्र लिखता है – ममता बनी महामंडलेश्वर।
*******************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो आज नई दिल्ली में वार्ता करेंगे। कई समझौतों पर हस्ताक्षर किये जाएंगे।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आज राष्ट्र को संबोधित करेंगी।
- केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- भारत में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए विश्वास और प्रतिभा दो सबसे महत्वपूर्ण पहलू।
- देशभर में आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है।
- खेलों में, मलेशिया में, भारतीय ग्रैंड मास्टर इनियन पन्नीरसेल्वम ने जोहोर अंतर्राष्ट्रीय ओपन शतरंज टूर्नामेंट का खिताब जीता।
- क्रिकेट में भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा ट्वेंटी-ट्वेंटी मुकाबला आज चेन्नई में।
*************************