Download
Mobile App

android apple
signal

January 18, 2025 9:54 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज 50 हजार गांवों के लाभार्थियों को स्वामित्व योजना के तहत 65 लाख से अधिक संपत्ति कार्ड वितरित करेंगे।
  • संसद का बजट राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ 31 जनवरी को शुरू होगा। केंद्रीय बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा।
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सुरक्षा के मौजूदा वातावरण में बढ़ते तनाव के बीच देश की आक्रामक और रक्षात्मक कार्रवाई को मजबूत करने की आवश्‍यकता पर बल दिया।
  • अंतरराष्‍ट्रीय मुद्राकोष ने अगले दो वित्तीय वर्ष में भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान साढ़े छह प्रतिशत पर बरकरार रखा।
  • अमरीका के सुप्रीम कोर्ट ने कल से राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर देश में टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाने वाले कानून को सही बताया।
  • खो खो विश्व कप में भारतीय पुरुष और महिला टीम सेमीफाइनल में पहुंची।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज वीडियो कॉन्‍फ्रेंस के माध्‍यम से स्‍वामित्‍व योजना के अंतर्गत 65 लाख से अधिक संपत्ति कार्ड वितरित करेंगे। यह देश के गांवों के सशक्तिकरण और सुशासन यात्रा में म‍हत्‍वपूर्ण कदम होगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि संपत्ति कार्ड दस राज्‍यों और दो केन्‍द्रशासित प्रदेशों के पचास हजार से अधिक गांवों में वितरित किए जायेंगे।

ग्रामीण भारत के आर्थिक विकास को बढ़ाने के लिए 2020 में स्वामित्व योजना शुरू की गई थी। इसके तहत सर्वेक्षण के लिए उन्नत ड्रोन तकनीक के माध्यम से घरों पर अधिकार का रिकॉर्ड प्रदान किया गया। यह योजना संपत्ति के मुद्रीकरण की सुविधा बैंक ऋण के माध्यम से संस्थागत ऋण तक पहुंच को सक्षम बनाती है। संपत्ति से संबंधित विवादों को कम करती है और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर संपत्ति मूल्यांकन और संपत्ति का संग्रह का समर्थन करती है। इसके तहत एक लाख पचास हजार से अधिक गांवों के लिए लगभग एक करोड़ 25 लाख संपत्ति कार्ड तैयार किये गए हैं। पुद्दुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, त्रिपुरा, गोवा, उत्तराखंड और हरियाणा में यह योजना पूरी तरह से लागू हो चुकी है। दीपेंद्र कुमार के साथ, सकलेन अख्‍़तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*****

मध्‍य प्रदेश में आज ई-वितरण कार्यक्रम के दौरान स्‍वामित्‍व योजना के अंतर्गत 15 लाख 63 हजार से ज्‍यादा लाभार्थी प्रधानमंत्री से स्‍वामित्‍व कार्ड प्राप्‍त करेंगे। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से…

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी मध्‍य प्रदेश के सम्पत्ति कार्ड लाभार्थियों के साथ वर्चुअल संवाद भी करेंगे। वहीँ, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सिवनी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। मध्य प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर भी संपत्ति कार्ड वितरण कार्यक्रम होगा, जिसमें केन्द्रीय मंत्री, प्रदेश के मंत्री, सांसद और विधायक शामिल होंगे। मध्य प्रदेश में ऐसी सम्पतियों की संख्या लगभग 45 लाख 60 हजार है। इनमें से लगभग 39 लाख 63 हजार सम्पतियों का काम पूरा भी हो चुका है। वहीँ, अब तक 24 लाख निजी अधिकार अभिलेखों का वितरण किया जा चुका है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

*****

संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा। सत्र के पहले दिन राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु लोकसभा और राज्‍य सभा की संयुक्‍त बैठक को संबोधित करेंगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन पहली फरवरी को केंद्रीय बजट पेश करेंगी। बजट सत्र का पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा जबकि दूसरा चरण 10 मार्च से 4 अप्रैल तक होगा।

*****

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा और सुरक्षा के मौजूदा वातावरण में बढते तनाव के बीच देश की आक्रामक और रक्षात्‍मक कार्यवाही को मजबूत करने की आवश्‍यकता पर जोर दिया है। कल नई दिल्‍ली में वर्ष 2024 को नेवल सिविलियन्‍स के रूप में मनाने से संबंधित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि देश के रक्षा बलों की जटिलताएं समय के साथ बढ रही हैं। रक्षामंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारत सरकार हर मुश्‍किल घड़ी में सैनिकों के साथ खड़ी रहेगी।

सार्थियों मैं इस सरकार की ओर से, आपको इस बात का आश्‍वासन देता हूँ कि हमारी फोर्सेस की मजबूती के लिए भारत सरकार को जो भी करना पड़े, सरकार वह करेगी। आपके साथ भारत के एक सौ चालीस करोड़ नागरिक पूरी मजबूती के साथ खड़े हैं। आप और हम सब मिलकर न सिर्फ सामरिक दृश्‍य भारत को मजबूत बनायेंगे, बल्कि भारत की ओवरऑल ग्रोथ एण्‍ड डेवलपमेंट को भी एक नया डायमेंशन देने में कामयाब होंगे।

*****

रूसी सेना में कार्यरत कुल 12 भारतीय नागरिकों की मृत्‍यु हो गई है और 16 भारतीय नागरिक अभी लापता हैं। नई दिल्‍ली में कल मीडिया से बातचीत में विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि केरल के बिनिल बाबू की मौत दुर्भाग्‍यपूर्ण है। मंत्रालय ने उनके परिजनों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की है।

*****

अंतरराष्‍ट्रीय मुद्रा कोष-आईएमएफ ने अगले दो वित्‍त वर्षों 2025-26 और 2026-27 में भारत की विकास दर साढे 6 प्रतिशत रहने का अनुमान बरकरार रखा है। यह अनुमान भारत की संभावनाओं के अनुरूप है। अंतरराष्‍ट्रीय मुद्रा कोष ने यह जानकारी अपने ताजा विश्‍व आर्थिक सर्वेक्षण में दी। आईएमएफ के अनुसार भारत ने विश्‍व की बडी अर्थव्‍यवस्‍थाओं के बीच अपनी सबसे तेज वृद्धि दर बरकरार रखी है।

*****

केंद्र सरकार आवश्यक खाद्य वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों पर कड़ी निगरानी रख रही है ताकि उपभोक्ताओं को खाद्य वस्तुएं सस्‍ती और उचित मूल्‍य पर मिलना सुनिश्‍चित हो सके। केन्‍द्रीय उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने कहा है कि सरकार ने उपभोक्ताओं को आवश्‍यक खाद्य वस्तुओं की उपलब्‍धता और उचित मूल्‍य सुनिश्चित करने के लिए घरेलू उत्‍पादन को प्रोत्‍साहन राशि देने जैसे कई कदम उठाये हैं।

*****

मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर मुंबई के बांद्रा स्थित उनके अपार्टमेंट में चाकू से हमला करने के मामले में एक व्‍यक्ति से पूछताछ की है। वारिस अली सलमानी नाम का यह व्‍यक्ति बढई का काम करता है और उसका हुलिया हमलावर से मिलता जुलता है। इमारत से भागते समय हमलावर की तस्‍वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थीं। सैफ अली खान को हमले के बाद लीलावती अस्‍पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका ऑपरेशन हुआ और अब वे खतरे से बाहर हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, महाराष्ट्र के गृह, राजस्व, ग्रामीण विकास मंत्री योगेश कदम ने कहा कि घटना के पीछे लूटपाट ही एकमात्र मकसद था और हमले में कोई अंडरवर्ल्ड गिरोह शामिल नहीं है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि इस मामले में पुलिस को कई सुराग मिले हैं और अपराधी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

*****

दिल्‍ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन-पत्रों की आज जांच की जाएगी। नामांकन भरने की प्रक्रिया कल समाप्‍त हो गई। विधानसभा की 70 सीटों के लिए एक हजार से अधिक उम्‍मीदवारों ने पर्चे भरे हैं। सोमवार तक नाम वापस लिये जा सकते हैं। मतदान 5 फरवरी को होगा और मतों की गिनती 8 फरवरी को की जाएगी।

*****

ख़बरें कुम्‍भ से…

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में बडी संख्‍या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगा रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि लाखों लोगों के इस जमावडे से न केवल प्रयागराज की प्रतिष्‍ठा बढी है, बल्कि स्‍थानीय अर्थव्‍यवस्‍था और व्‍यापार में भी तेजी आई है।

होटल, खाद्य, ऊनी वस्‍त्र, कम्‍बल, रजाई, गद्दे और इलेक्‍ट्रोनिक जैसे उद्योगों ने अपनी बिक्री में 30 से 40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। महाकुंभ के और आगे बढने के साथ यह वृद्धि 50 प्रतिशत पहुंचने की उम्‍मीद है। हालांकि महाकुंभ अभी कुछ ही दिन पहले शुरू हुआ है लेकिन शहर में खुदरा और थोक कारोबारियों के व्‍यापार में पहले से ही दो से तीन गुणा वृद्धि देखी गई है। चाहे वो होटल उद्योग हो, खुदरा कारोबार हो या कपड़ा उद्योग सभी क्षेत्रों में बिक्री में पिछले सप्‍ताह उल्‍लेखनीय वृद्धि देखी गई। वहीं व्‍यापारियों को मौनी अमावस्‍या के दिन और भी अधिक बिक्री की उम्‍मीद है। जैसे-जैसे महाकुंभ आगे बढेगा, व्‍यापार में और भी वृद्धि होने की संभावना है। वहीं, महाकुंभ मेले से दो लाख करोड़ रुपये के राजस्‍व प्राप्‍त होने की संभावना है। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

*****

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*****

अमरीका की सुप्रीम कोर्ट ने वीडियो-शेयरिंग प्लेटफॉर्म टिकटॉक पर कल से राष्ट्रव्यापी प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव से संबंधित संघीय कानून को सही ठहराया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि चीन के स्वामित्व वाले इस सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म को अमेरिका स्थित किसी मालिक को बेचे जाने तक यह प्रतिबंध जारी रहेगा। एक रिपोर्ट ….

अदालत का कल का यह सर्वसम्मत फैसला, कांग्रेस और न्याय विभाग के इस रुख के अनुरूप है कि चीनी कंपनी बाइटडांस के स्वामित्व वाला टिकटॉक राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। अमरीकी सांसदों ने अदालत में दलील दी कि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी इस ऐप का इस्तेमाल दुष्प्रचार करने और उपयोगकर्ताओं के साथ हेर-फेर करने के लिए कर सकती है। कल से 17 करोड अमरीकियों द्वारा उपयोग किये जाने वाला टिकटॉक अब अमरीका में ऐप स्टोर में डाउनलोड के लिए उपलब्ध नहीं होगा। भारत, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम, कनाडा, फ्रांस और नीदरलैंड सहित कई अन्य देशों ने इस ऐप पर यह कहते हुए प्रतिबंध लगाया है कि चीन जासूसी के लिए टिकटॉक का इस्तेमाल कर सकता है। समाचार कक्ष से जसपाल कौर।

*****

नई दिल्‍ली में राष्‍ट्रपति भवन में राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा प्रतिष्ठित खेल पुरस्‍कारों से सम्‍मानित किए जाने पर खिलाडियों ने अत्‍यधिक प्रसन्नता व्‍यक्‍त की है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में अर्जुन पुरस्‍कार से सम्‍मानित और पेरिस पैरालिम्‍पिक्‍स में भाला फेंक स्‍पर्धा में स्‍वर्ण पदक जीतने वाले नवदीप सिंह ने कहा कि उन्‍होंने कई चुनौतियों का सामना किया।

देश की तरफ से मेडल लाने के बाद जो प्रोत्साहन मिल रहा है, वह काफी काबिल-ए-तारीफ है, खिलाड़ी का सपना होता है और आज मैं भी वो अवॉर्डी हूँ, तो मेरको काफी अच्छा महसूस हो रहा है।

वहीं, द्रोणाचार्य पुरस्‍कार से सम्‍मानित और निशानेबाजी कोच दीपाली देशपाण्‍डे ने कहा कि खिलाडी सफलता के मुकाबले असफलता का अधिक सामना करते हैं और कोच के रूप में उनकी जिम्‍मेदारी यह सुनिश्चित करना होती है कि ये असफलताएं खिलाडी पर नकारात्‍मक असर न डाले।

यह द्रोणाचार्य अवार्ड मुझे मिला है, मेरे पिछले 12 साल से मैं कोचिंग कर रही हूँ, शूटर को, खिलाड़ी तो जैसे जितना सक्सेस उसको मिलता है, उससे ज्यादा फेलियर्स उनको फेस करना पड़ता है। तो वह खेल का एक अहम हिस्सा है और वह फेलियर्स से ही हम सीखते हैं और हमारे परफॉर्मेंस की तरफ जाते हैं।

*****

खो-खो विश्व कप में, मेजबान भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमें अपने-अपने वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। दोनों ही टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर अपने सभी मैचों में जीत हासिल की है। इस जीत पर टीमों की कोच डा. मुन्‍नी जून ने कहा कि विश्‍वकप के लिए टीमों ने अच्‍छी तैयारी की थी। उन्‍होंने सफलता का श्रेय मजबूत रणनीति और टीम वर्क को दिया।

हमने अपनी टीम का जो लास्ट में 15 गर्ल्स को जो सिलेक्ट किया है, उनका अलग-अलग ऑलराउंडर, डिफेंडर, अटैकर इस तरह से अपने पोजीशन को फिट किया और उनको बार-बार डेली मैचेज़ प्रैक्टिस में उनको कॉन्फिडेंस लेवल को अपग्रेड करने के लिए टीमवर्क के लिए की बच्चे सेल्फ न खेलें। बैचेज़ से हम बच्चों को भेजते हैं। हमने भरपूर प्रयास किया है कि हमारी टीम बड़े कॉन्फिडेंस के साथ और हर मैच में सेंचुरी मारे।

भारतीय महिला टीम की खिलाड़ी नाजिया बीबी ने जीत के सफर पर अपने विचार साझा किए।

आज तो मैं बहुत ज्यादा खुशी है क्योंकि आपने रेगुलर सेंचुरी कंप्लीट की है और हमारी स्ट्रेटजी ये है कि हमारे टीचर्स हमें, हमेशा यह बोलते हैं ऐसे खेलना है, गुड डिफैंसर कौन है, गुड चेज़र कौन है, अटैकर अच्छा कौन है या पोल डाइव कैसे मारनी है, सब कुछ ऐसे ही सिखते हैं।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे। यह इस मासिक रेडियो कार्यक्रम की 118वीं कड़ी होगी। कार्यक्रम के लिए विचार और सुझाव टोल फ्री नं- 1800-11-7800 पर भेजे जा सकते हैं।

*****

मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में कल तक घना कोहरा छाया रहेगा। घने कोहरे की यह स्थिति आज उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय और पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बनी रहेगी।

*****

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*****

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- नईम अख़तर।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा ऑटो एक्‍सपो का उद्घाटन करने का समाचार सभी अखबारों ने सचित्र प्रकाशित किया है। अमर उजाला लिखता है- प्रधानमंत्री बोले-ऑटो उद्योग का उद्देश्‍य भारत से, चार साल में आया तीन लाख करोड़ का विदेशी निवेश। रूसी सेना में सेवा दे रहे 16 भारतीय लापता, राष्‍ट्रीय सहारा सहित कई अखबारों की सुर्खी है। स्‍थानीय बाजारों में खरीदारी से सोने की कीमतों में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में रही तेजी, सात सौ रूपये बढ़ी सोने की कीमत। अमर उजाला के कारोबार पन्‍ने की खबर है। अभी जनवरी में और होगी बारिश, आज छाएगा घना कोहरा। कोहरे की वजह से 125 उड़ानों पर हुआ असर, नवभारत टाइम्‍स की खबर है। जनसत्ता ने महाकुंभ की खबर सचित्र प्रकाशित की है। पत्र लिखता है- छह दिनों में सात करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी, पैंतालीस करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान। कर्तव्‍य पथ पर रिहर्सल से चार दिन बंद रहेंगे ये रास्‍ते, एडवाइजरी जारी। कर्तव्‍य पथ-रफी मार्ग क्रॉसिंग, मान सिंह रोड क्रॉसिंग और कर्तव्‍य पथ सी हैक्‍सागन में रहेगा प्रतिबंध। हरि भूमि की सुर्खी

*****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज स्वामित्व योजना के अंतर्गत 50 हजार गांवों के लाभार्थियों को 65 लाख से अधिक संपत्ति कार्ड वितरित करेंगे।
  • संसद का बजट सत्र राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ 31 जनवरी को शुरू होगा। केंद्रीय बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा।
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सुरक्षा के मौजूदा वातावरण में बढ़ते तनाव के बीच देश की आक्रामक और रक्षात्मक कार्रवाई को मजबूत करने की आवश्‍यकता पर बल दिया।
  • अंतरराष्‍ट्रीय मुद्रा कोष ने अगले दो वित्तीय वर्ष में भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान साढ़े छह प्रतिशत पर बरकरार रखा।
  • खो खो विश्व कप में भारतीय पुरुष और महिला टीम सेमीफाइनल में पहुंची।

*****