Download
Mobile App

android apple
signal

January 5, 2025 9:31 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज दिल्ली में 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
  • महाकुंभ के दौरान यात्रियों की सुविधाओं के लिए 13 हजार रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी। उत्तर प्रदेश सरकार स्पेन में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मेले में महाकुंभ का प्रचार करेगी।
  • फ्रांसीसी नौसेना का परमाणु चालित विमानवाहक पोत चार्ल्स डी गॉल सैन्‍य अभ्यास वरुण के लिए गोवा पहुंचा।
  • अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन भारत की दो दिवसीय यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंच रहे हैं।
  • बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवें और अंतिम क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 162 रन का लक्ष्य दिया।
  • हॉकी इंडिया लीग में टीम गोनासिका ने हैदराबाद तूफान्स को 3-1 से हराया।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज दिल्ली में 12 हज़ार दो सौ करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच लगभग 4 हज़ार छह सौ करोड़ की लागत से बने दिल्लीगाजियाबादमेरठ नमो भारत कॉरिडोर के 13 किलोमीटर के खण्ड का उद्घाटन भी करेंगे।

 

इन परियोजानाओं के उद्घाटन से क्षेत्रीय संपर्क बढने के साथसाथ दिल्‍ली एनसीआर के लोगों की यात्रा को सुलभ बनाने में मदद मिलेगी। इन परियोजनाओं में दिल्‍ली मेट्रो फेज चार के तहत जनकपुरी और कृष्‍णा पार्क के बीच दो दशमलव आठ किलोमीटर का हिस्‍सा भी शामिल है। इससे पश्चिमी दिल्‍ली के कृष्‍णा पार्क, विकासपुरी के कुछ हिस्‍से और जनकपुरी जैसे इलाके सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। प्रधानमंत्री मोदी लगभग करीब छह हजार दो सौ तीस करोड़ रूपये की लागत के दिल्‍ली मेट्रो फेज चार के साढे 21 किलोमीटर लंबे रिठालाकुंडली खंड की आधारशिला भी रखेंगे। यह खंड दिल्‍ली के रिठाला को हरियाणा के नाथूपुर कुंडली से जोड़ेगा। श्री मोदी आरआरटीएस के साहिबाबाद स्‍टेशन से न्‍यू अशोक नगर स्‍टेशन तक नमो भारत की सवारी भी करेंगे। वह नई दिल्‍ली के रोहिणी में केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्‍थान की नई अत्‍याधुनिक इमारत की आधारशिला भी रखेंगे। यह परिसर लोगों को अत्‍याधुनिक स्‍वास्‍थ्‍य सेवा और चिकित्‍सा बुनियादी ढांचा प्रदान करेगा। रहीसुद्दीन के साथ दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।  

                   

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि सरकार, गांवों के लोगों के लिए गरिमापूर्ण जीवन की प्राथमिकता के साथ, वर्ष 2014 से निरन्‍तर ग्रामीण भारत के लिए काम कर रही है। कल नई दिल्‍ली के भारत मंडपम में ग्रामीण भारत महोत्‍सव के उद्घाटन के बाद अपने सम्‍बोधन में प्रधानमंत्री ने यह बात कही।

      ****

     

कुंभ मेले के लिए रेलवे 13 हज़ार रेलगाड़ियां चलाएगा। इनमें 3 हज़ार विशेष रेलगाड़ियां होंगी। ये रेलगाड़ियां महाकुंभ के दौरान 50 से अधिक दिनों तक चलेंगी। इनमें मेले के बाद के दो-तीन दिन भी शामिल हैं। महाकुंभ में लगभग 40 करोड़ लोगों के आने की संभावना है। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी, शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने व्यापक प्रबंध किए हैं।

 

लगभग 40 करोड़ लोग इस महोत्‍सव में सम्मिलित होने के लिए आ रहे हैं। लोगों का मुवमेंट हम  लोग यूनीडाइरेक्‍शनल रखेंगे।  मतलब ये है कि लोग क्रॉस मुवमेंट ना करें। कोई आपस उनमें में टकराव की स्थिति ना हो। इसी तरह हमने जो यात्रि आश्रय शेड बनाए हुए हैं, इनमें प्रत्‍येक यात्री आश्रय शेड की क्षमता है लगभग पांच हजार। इनमें सारी चीजें वहां पर प्रोवाइड रहेंगी, ताकि लोगों को किसी भी तरह की असुविधा ना हो।

 

उत्तरप्रदेश में प्रयागराज में महाकुंभ इस महीने की 13 तारीख़ से 26 फरवरी तक चलेगा। प्रयागराज गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों के संगम के लिए प्रसिद्ध है।

 

****

     

उत्‍तर प्रदेश सरकार स्‍पेन में अंतरराष्‍ट्रीय पर्यटन मेले में महाकुंभ का प्रचार करेगी। पर्यटन मेले में महाकुंभ को सांस्कृतिक विरासत के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा और इसके आध्यात्मिक, ऐतिहासिक तथा सांस्कृतिक महत्व पर बल दिया जाएगा। राज्य के पर्यटन विभाग ने इसे अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर प्रदर्शित करने के लिए योजना तैयार की है ताकि महाकुंभ की भव्‍यता को बल मिले।

 

****

     

फ्रांस का परमाणु चालित विमानवाहक चार्ल्स डी गॉल नौसैनिक अभ्यास वरुण के लिए कल गोवा पहुंचा। इस 42वें वार्षिक अभ्यास में फ्रांस की ओर से युद्धक विमान राफेल की भी भागीदारी होगी। पश्चिमी कमान के अनुसार, इस अभ्यास से दोनों देशों की नौसेना के बीच मिलकर काम करने की समझ मजबूत होगी।

     

फ्रांस वर्ष 2008 से ही हिंद-प्रशांत नौसैनिक सिम्पोजियम का सदस्य है। इस संगठन की पहल भारत ने ही की थी और इसमें 25 देशों की नौसेना शामिल है। इसका उद्देश्य तस्करी, अवैध रूप से मछली पकड़ने, समुद्र में तलाशी और बचाव अभियान तथा प्रदूषण से निपटने के लिए मिलकर काम करना है।

****

     

अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन दो दिन की भारत यात्रा पर आज नई दिल्ली आ रहे हैं। इस दौरान वे भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर से मुलाकात करेंगे। श्री सुलिवन अजीत डोभाल के साथ अंतरिक्ष, रक्षा और रणनीतिक प्रौद्योगिकी सहयोग तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझा सुरक्षा प्राथमिकताओं पर चर्चा करेंगे।

     

श्री सुलिवन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान- आई.आई.टी. दिल्ली में उद्यमियों से मिलेंगे और नवाचार तथा उभरती प्रौद्योगिकी के बारे में सहयोग मज़बूत करने पर चर्चा करेंगे।

****

     

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कल मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सौर ऊर्जा परियोजना का निरीक्षण किया। यह मध्य प्रदेश की पहली और देश की सबसे बड़ी सौर परियोजनाओं में से एक है। श्री जोशी ने कहा कि यह परियोजना देश के अन्य क्षेत्रों में भी स्थापित की जा सकती है।

 

विश्‍व के बहुत बडा़ फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्‍ट है। माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्‍व में एक क्रांति हो रहा है देश में। भारत विश्‍व के लीडर बन रहा है, रिन्‍यूवेबल एनर्जी के सेक्‍टर में। इसीलिए ये प्रोजेक्‍ट जो है ये जो है अपने आप में एक अलौकिक प्रोजेक्‍ट है और बडी मात्रा में बिजली उत्‍पादन हो रहा है ,इधर ये दिल्‍ली मेट्रो को भी बिजली दे रहा है।

     

श्री जोशी ने बताया कि भारत सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक पांच सौ गीगावॉट और 2047 तक अठारह सौ गीगावॉट बिजली पैदा करने का है।

 

****

     

तेलंगाना सरकार रायथु भरोसा योजना के अंतर्गत किसानों को अब प्रतिवर्ष प्रति एकड़ 10 हज़ार रुपय़े की जगह 12 हज़ार रुपये की सहायता देगी। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने इंदिरम्मा आत्मीया भरोसा योजना के अंतर्गत भूमिहीन किसान परिवारों को भी प्रतिवर्ष 12 हज़ार रुपये देने की घोषणा की है।

     

श्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि सभी पात्र लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे।राज्य सरकार की ये तीनों योजनाएं इस वर्ष 26 जनवरी से लागू हो रही हैं।

 

****

     

पाकिस्तान में बलूचिस्तान प्रांत के तुरबत इलाके में आत्मघाती बम विस्फोट में कम से कम आठ सुरक्षाकर्मी मारे गए और चालीस से अधिक घायल हो गए। अलगाववादी समूह बलूच लिबरेशन आर्मी ने हमले की जिम्मेदारी ली है। घायलों में अधिकांश की हालत गंभीर है। बीएलए ने एक बयान में कहा कि बलूच लिबरेशन आर्मी की मजीद ब्रिगेड फिदायीन इकाई ने तुरबत में पाकिस्तानी सेना के काफिले पर फिदायीन हमला किया, जिसमें कई सैन्यकर्मी मारे गए।

 

****

     

हॉकी इंडिया लीग में कल दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से….

 

शनिवार की ठंडी और रोमांचक शाम ने बिरसा मुंडा हॉकी स्‍टेडियम राउरकेला को खेल प्रेमियों के उत्‍साह से सराबोर कर दिया। श्राची बंगाल टाइगर ने दिल्‍ली एसजी पाइपर्स को 3-1 से मात दी। इस मुकाबले की खासियत रही बंगाल टाइगर्स के सुरजीत सिंह का लीग का सबसे तेज गोल जो उन्‍होंने मैच के सिर्फ 23वें सेकेंड में ही दागा और उन्‍हें शानदार जीत दिलाई।

 

सुखजीत सिंह के पहले, युवराज सिंह के 17, 38 और अभिषेक के 47वें मिनट की गोलों की मदद से टाइगर्स ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की। शनिवार की शाम दूसरे मुकाबले में टीम गोनासिका ने जबरदस्‍त हॉकी का प्रदर्शन करते हुए हैदराबाद तूफान को 3-1 से हरा दिया। आज शाम छह बजे वेदांता कलिंगा लांसर्स का मुकाबला सूरमा हॉकी क्‍लब से होगा और शाम सवा आठ बजे तमिलनाडु ड्रैग्‍नस और यूपी रूद्राज़ की टीमें आमनेसामने होंगी। आकाशवाणी के लिए मैं शाहीद अनवर।

 

****

     

बॉर्डरगावस्कर क्रिकेट टेस्ट मैच ट्रॉफी के पांचवें और अंतिम मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 162 रन का लक्ष्य दिया है। आज सिडनी में मैच के तीसरे दिन ताजा समाचार मिलने तक मेजबान टीम ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 104 रन बना लिए हैं।

 

****

     

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में आज हल्की वर्षा और बर्फबारी का अनुमान व्यक्त किया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में अगले दो दिन गरज के साथ बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में भी कल बारिश या बर्फबारी की संभावना है।

 

****

     

जम्‍मू-कश्‍मीर में आज तेज वर्षा और बर्फबारी का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कश्‍मीर घाटी में कई स्‍थानों में तापमान शून्‍य से नीचे दर्ज किया गया।

 

इस बीच मुगल रोड पर लगातार आठवें दिन यातायात बाधित है।

 

पर्यटकों, यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख सड़कों की स्थिति के बारे में यातायात विभाग से जानकारी प्राप्‍त करें। प्रशासन की ओर से पुलिस, सेना और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सक्रिय सहयोग से किसी भी प्रकार की आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। तारिक राथर, आकाशवाणी समाचार श्रीनगर

 

****

     

उधर, सर्दियों के इस मौसम में, हिमाचल प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। एक रिपोर्ट

 

राजधानी शिमला में 4 जनवरी को लगभग 19 साल बाद सबसे ज्यादा 23 दशमलव एक डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है इसी तरह सोलन में अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया।  राज्य के कई अन्य भागों में भी अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने  आज से प्रदेश में पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने का अनुमान लगाया है जिसका असर 6 जनवरी को व्यापक रूप से देखने को मिलेगा और ऊंचाई वाले अधिकतर क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होगी। प्रभा शर्मा आकाशवाणी समाचार शिमला।

 

****

     

इधर दिल्‍ली में आज सुबह घने कोहरे के कारण रेल और हवाई यातायात प्रभावित रहा। इंदिरा गांधी अंतरराष्‍ट्रीय हवाई अड्डे से कई उडानें स्‍थगित करनी पड़ीं। यात्रियों को उडानों की जानकारी के लिए एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

 

इस बीच, दिल्‍ली में आज सुबह साढे पांच बजे तापमान दस डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

****

 

समाचार पत्रों की सुर्खियों से 

राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में कल लगातार दूसरे दिन घना कोहरा छाए रहने को लगभग सभी अखबारों ने प्रमुखता से दिया है। दैनिक भास्‍कर की सुर्खी है- नौ घंटे तक दृश्‍यता शून्‍य रही 45 फ्लाइट रद्द। दैनिक जागरण का कहना है कोहरे के साये में डूबा एन सी आर। पत्र के अनुसार इस सीजन में पहली बार इतना घना कोहरा रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कहना कि सभी सम्प्रदाय और धर्म के लोग देश के लिए मिल कर काम करे अमर उजाला की पहली खबर है। दिल्‍ली विधानसभा के आगामी चुनाव के लिए भाजपा की कल पहली सूची जारी होने को सभी अखबारों ने प्रमुखता से दिया है। जाने माने वैज्ञानिक राज गोपाल चिदंबरम के निधन पर हिंदुस्‍तान की सुर्खी है- उन्होंने दो परमाणु परिक्षण में निभाई अहम भूमिका पत्र आगे लिखता है मिसाइल मैन ए. पी. जे. अब्‍दुल कलाम के साथ ऑपरेशन शक्ति को दिया था अन्जाम। एन.डी.एम.सी.द्वारा परीक्षा के तनाव से निपटने के लिए दिल्‍ली में आर्टथॉन के आयोजन को नवभारत टाइम्‍स ने सचित्र देते हुए लिखा है कि प्रधानमंत्री के भाषणों की किताब एग्‍जाम वॉरीयर के विभिन्‍न मंत्रो की थीम पर आधारित कला महोत्‍सव का आयोजन किया गया। इसरो को अंतरीक्ष में फसल उगाने में मिली सफलता हरिभूमि की यह खबर ध्‍यान खिंचती है। पत्र कहता है कि अंतरीक्ष में भेजा गया लोबिया चार दिन में अंकुरित हुआ। दैनिक जागरण ने इसे बॉक्‍स में देते हुए लिखा है भारत ने पहली बार अंतरि‍क्ष में जीवन को अं‍कुरित करने में सफलता हासिल की। सोशल मीडिया कंपनी ही अभिभावकों से लेंगी बच्‍चों के अकाउंट की मंजूरी दैनिक भास्‍कर की खबर है। पत्र ने लिखा है कि सरकार ने डेटा संरक्षण एक्‍ट का मसौदा जारी किया है जिसके अनुसार 18 साल से कम के यूजर्स को इन प्‍लेटफॉर्म पर बने रहने के लिए माता-पिता की अनुमति लेना अनिवार्य होगा। प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू हो रहे महाकुंभ पर दैनिक भास्‍कर का विशेष आलेख है यह देवों का अमृत कुंभ जागृत करने का महापर्व है। पत्र कहता है कुंभ के दौरान गंगा यमुना और अदृश्‍य सरस्‍वती की त्रिवेणी की छटा आद्वितीय होती है। राजस्‍थान पत्रिका का कहना है महाकुंभ में पूजा, आश्रय और भीड प्रबंधन होगा अपूर्व। जल थल और नभ में होगी जबरदस्‍त सुरक्षा व्‍यवस्‍था।

 

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज दिल्ली में 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
  • महाकुंभ के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए 13 हजार रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी। उत्तर प्रदेश सरकार स्पेन में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मेले में महाकुंभ का प्रचार करेगी।
  • फ्रांसीसी नौसेना का परमाणु चालित विमानवाहक पोत चार्ल्स डी गॉल सैन्‍य अभ्यास वरुण के लिए गोवा पहुंचा।
  • अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन भारत की दो दिवसीय यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंच रहे हैं।
  • बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवें और अंतिम क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 162 रन का लक्ष्य दिया।
  • हॉकी इंडिया लीग में टीम गोनासिका ने हैदराबाद तूफान्स को 3-1 से हराया।

****